आयुष्मान कार्ड बनवाने को जागरूकता एलईडी वैन रवाना

Spread the love


-शत-प्रतिशत संतृप्ति का लक्ष्य
गोंडा, 13 अप्रैल 2026: जनपद में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन से एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन आगामी 10 दिनों तक जनपद के सभी ब्लॉकों में भ्रमण कर लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से छूटे हुए पात्र व्यक्तियों, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों तथा सभी राजकीय कर्मचारियों को कैशलेस आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इच्छुक लाभार्थी अपने क्षेत्र की आशा, एएनएम, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सीएचओ, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा पंचायत सहायकों के सहयोग से अपना कार्ड बनवा सकते हैं।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सी.के. वर्मा ने बताया कि जनपद में अब तक 2,90,317 ऐसे परिवार हैं जिनमें कम से कम एक आयुष्मान कार्ड बन चुका है, जबकि लगभग 11.21 प्रतिशत पात्र परिवार अभी भी शेष हैं, जिन्हें अभियान के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त 70 वर्ष से अधिक आयु के 28,495 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं और शेष पात्र व्यक्तियों के कार्ड बनवाने के लिए अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 1,19,476 लाभार्थियों को योजना के तहत उपचार का लाभ मिल चुका है। इनमें 1,445 उपचार निजी चिकित्सालयों तथा 774 उपचार राजकीय चिकित्सालयों में किए गए हैं। वर्ष 2025–26 में ही 1,09,918 लाभार्थियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिली है, जो कुल उपचारित लाभार्थियों का लगभग 92 प्रतिशत है।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र लाभार्थी, विशेषकर छूटे हुए परिवार और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। उन्होंने ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायकों, आशा और एएनएम से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि जनपद को शीघ्र शत-प्रतिशत संतृप्ति की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, डीपीसी संदीप तिवारी, इंजीनियर अंकित श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *