कोतवाली सदर पुलिस की बड़ी सफलता: 50 किलो गांजा के साथ दो अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार

Spread the love


रिपोर्ट मनोज सैनी
संदिग्ध वाहन चेकिंग में खुलासा, करीब 10 लाख रुपये का गांजा बरामद; मध्य प्रदेश से दिल्ली ले जाने की थी तैयारी
उन्नाव, 12 अप्रैल।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सदर पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 50 किलो अवैध गांजा के साथ दो शातिर अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
संदिग्ध वाहन चेकिंग में पकड़े गए आरोपी
दिनांक 11 अप्रैल की रात्रि को उपनिरीक्षक रामानंद पटेल पुलिस बल के साथ करोवन मोड़ पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की वैगनआर कार (नंबर UP 70 PT 6360) मरहला की ओर से आती दिखी, जो पुलिस को देखकर सरोसी मार्ग की ओर मुड़ने लगी। मैनीखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण वाहन को क्रॉसिंग से पहले रोक लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपने नाम जितेंद्र तिवारी उर्फ जीतू (24) व आदर्श कुमार तिवारी उर्फ राज (25), निवासी कौशांबी बताया। पहले तो दोनों घबराए, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उन्होंने गाड़ी में अवैध गांजा होने की बात कबूल कर ली।
मध्य प्रदेश से लाकर दिल्ली में करते थे सप्लाई
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा मध्य प्रदेश से खरीदकर दिल्ली में बेचने के लिए ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान वाहन से 50 किलो गांजा बरामद किया गया।
मुकदमा दर्ज, भेजे गए जेल
बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली सदर में मुकदमा संख्या 215/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रकांत मिश्र के नेतृत्व में कोतवाली सदर पुलिस, स्वाट टीम प्रभारी जय प्रकाश यादव व सर्विलांस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *