जनसेवा हमारे लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि जनविश्वास को निभाने का संकल्प”: डॉ. राजेश्वर सिंह

Spread the love

“

लगातार 190वें सप्ताह भी जारी रहा ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान, जनसंवाद के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा एवं युवा सशक्तीकरण की पहल

“स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यही हमारा प्रयास है”: डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा और जनसहभागिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत 01 नवंबर 2026 को लगातार 190वें सप्ताह अर्जुनगंज मंडल के सरवन नगर, बिजनौर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना गया तथा विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए।

“जनसेवा हमारे लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि जनविश्वास को निभाने का संकल्प है।”

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना जनप्रतिनिधि के रूप में हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक सप्ताह क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में जनसंवाद किया जा रहा है। इस सप्ताह प्राप्त 28 आवेदनों को संबंधित विभागों तक पहुँचाकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।

“स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यही हमारा प्रयास है।”

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि विशेष रूप से बुजुर्गों और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना आवश्यक है। इसी क्रम में श्री साईं ऑप्टिकल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में 65 लोगों की आँखों की जाँच की गई। इनमें से 59 जरूरतमंद वृद्धजनों को विधायक की ओर से चश्मे प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा हो सके।

“बच्चों और युवाओं को सही अवसर एवं संसाधन देना, उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है।”

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इसी सोच के साथ 195वें बॉयज यूथ क्लब एवं 137वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। बॉयज यूथ क्लब के बच्चों को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट तथा गर्ल्स यूथ क्लब के बच्चों को कैरम, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल की किट प्रदान की गई।

“शिक्षा की राह में संसाधनों की कमी बाधा न बने, इसके लिए जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता हमारी प्राथमिकता है।”

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलना आवश्यक है। विद्यार्थियों की शिक्षा एवं आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से चार जरूरतमंद विद्यार्थियों मोहिनी मौर्य, माही सिंह, फ़िज़ा एवं शेखर सैनी को साइकिलें वितरित की गईं।

‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान का लगातार 190 सप्ताह तक संचालित होना जनसेवा, जनसंवाद और जनसहभागिता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का परिचायक है। इस पहल के माध्यम से सरोजनीनगर के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुँचकर जनसमस्याओं के समाधान और समाज के सभी वर्गों के सशक्तीकरण के लिए प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *