लखनऊ, 7 मार्च 2026
आठवें जन औषधि सप्ताह (1 मार्च से 7 मार्च 2026) के अंतिम दिन शनिवार को जनपद के एक होटल में जन औषधि दिवस का आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइसेज ब्यूरो ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद श्री संजय सेठ उपस्थित रहे। इस अवसर पर उनके साथ प्रतापगढ़ के पूर्व विधायक श्री बृजेश मिश्रा ‘सौरभ’, जन औषधि मित्र आरती मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. चौधरी तथा डॉ. नफीस खान भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्री संजय सेठ ने कहा कि जन औषधि केंद्र आम आदमी के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण दवाएँ बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा है कि स्वास्थ्य सेवाएँ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचें। इसी उद्देश्य से जन औषधि केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ लोगों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले कई मरीज ऐसी बीमारियों से पीड़ित होते थे, जिनका उपचार लंबे समय तक चलता है, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण वे बीच में ही दवा लेना बंद कर देते थे। अब जन औषधि केंद्रों पर सस्ती दवाएँ उपलब्ध होने से मरीज अपना इलाज नियमित रूप से जारी रख पा रहे हैं।
इस अवसर पर श्री संजय सेठ ने उत्तर प्रदेश में जन औषधि की सर्वाधिक बिक्री करने वाले पाँच उत्कृष्ट जन औषधि केंद्र संचालकों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जन औषधि केंद्रों के वितरक और संचालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सम्मानित पाँच उत्कृष्ट जन औषधि केंद्र संचालक हैं—
• लखनऊ से श्री विनय शुक्ला
• मुरादाबाद से श्री भसीन
• देवरिया से श्री प्रसन्ना श्रीवास्तव
• गोरखपुर से श्री तारा सिन्हा
• मऊ से श्री प्रदीप झा।
मनाया गया जन औषधि दिवस
