मुकदमा दर्ज, फिर भी नहीं थम रही धमकी,, दहशत में पीड़ित परिवार,

Spread the love

खजुरी चौराहे पर युवक को लाठी-डंडों से पीटने का आरोप, पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार

मारपीट के आरोपित खुलेआम घूम रहे, पीड़ित को सता रहा जान का खतरा, दहशत में पीड़ित परिवार, निष्पक्ष जांच और कार्यवाही की मांग

कोरांव : अपनी बड़ी मां को दवा दिलाने निकले युवक के साथ कथित मारपीट और फिर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। माड़ो गांव निवासी राजबहादुर पुत्र फूलचंद ने दिवाकर, गुड्डू समेत चार लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। मामले में कोरांव थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी न होने का दावा करते हुए पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उसका आरोप है कि अब उसे फोन पर धमकाया जा रहा है। पीड़ित ने स्थानीय और जिला प्रशासन से मामले में प्रभावी कार्रवाई कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

खजुरी चौराहे पर दबंगों द्वारा युवक को घेरकर पीटने का आरोप

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की है। राजबहादुर अपनी बड़ी मां को दवा दिलाने खजुरी चौराहे पहुंचा था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दिवाकर निवासी माड़ो, गुड्डू निवासी नेवढ़िया पाल और दो अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट में उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। किसी तरह वहां से निकलने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी धमकाने का आरोप

पुलिस अभिलेख के अनुसार, कोरांव थाने में 21 अक्टूबर 2026 को शाम 7:37 बजे मुकदमा संख्या 0402/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 126(2), 115(2) और 351(4) का उल्लेख है। पीड़ित का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी उसे लगातार फोन कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही झूठे मुकदमे और एससी-एसटी के मामले में फंसाने की धमकी देने का भी दावा किया गया है। पीड़ित के मुताबिक, आरोपित कथित तौर पर पुलिस में अपनी पहुंच का हवाला देकर उसे डराते हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

दहशत में परिवार, कार्रवाई का इंतजार

राजबहादुर का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से वह और उसका परिवार भयभीत हैं। उसे अपनी सुरक्षा को लेकर अनहोनी की आशंका सता रही है। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

B.A न्यूज़ उत्तर प्रदेश क्राइम संवाददाता दीपक कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *