जनसरोकारों की पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों को लेकर हुई अहम चर्चा, श्रीमाली ने कहा—पत्रकार, अधिवक्ता और समाजसेवी समाज की महत्वपूर्ण आवाज
लखनऊ। भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बहुखण्डी मंत्री आवास, हजरतगंज में उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष (उपमंत्री स्तर) सोहन लाल श्रीमाली से शिष्टाचार भेंट की। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने श्रीमाली को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद की गतिविधियों, पत्रकारिता, जनसरोकारों तथा सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। श्रीमाली ने परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि पत्रकार, अधिवक्ता और समाजसेवी समाज की महत्वपूर्ण आवाज हैं। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने और जरूरतमंद वर्गों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने परिषद से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों पर निरंतर सक्रिय रहने की अपेक्षा जताई।
परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद पत्रकारों, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों एवं जनहित से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने श्रीमाली द्वारा संगठन के कार्यों की सराहना किए जाने को परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के लिए उत्साहवर्धक बताया।
इस अवसर पर परिषद के ओएसडी एम.एल. त्रिपाठी, राष्ट्रीय प्रवक्ता डी.एस. शास्त्री, जिला अध्यक्ष अमित सैनी, वरिष्ठ पत्रकार ज्ञान अग्निहोत्री, हाईकोर्ट अधिवक्ता वीरेंद्र मिश्रा, अधिवक्ता मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
लगातार तीसरी बार मिली जिम्मेदारी
गौरतलब है कि सोहन लाल श्रीमाली को लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मिर्जापुर के विंध्याचल क्षेत्र से जुड़े श्रीमाली लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभिन्न दायित्वों पर कार्य किया है और वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं।
श्रीमाली को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी। इसी क्रम में भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
