यूपी टी20 2026: समीर रिजवी की नाबाद 71 रन की पारी पर भारी पड़ी अभिषेक गोस्वामी की 76 रन की पारी, काशी रुद्रास ने कानपुर को 8 विकेट से हराया

Spread the love

लखनऊ, 16 अगस्त। यूपी टी20 लीग सीजन-4 के चौथे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स को आठ विकेट से हरा दिया। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कानपुर ने कप्तान समीर रिजवी की नाबाद 71 रन की शानदार पारी के दम पर 163 रन बनाए, लेकिन काशी रुद्रास ने अभिषेक गोस्वामी और कप्तान करण शर्मा की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर 18.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कानपुर सुपरस्टार्स ने बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 163 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। यह इस सीजन में अब तक किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर रहा।

कानपुर की पारी के सबसे बड़े स्टार कप्तान समीर रिजवी रहे। उन्होंने 47 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे। रिजवी ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास को तीसरे ओवर में पहला झटका लगा। विनीत पंवार ने सलामी बल्लेबाज उवैश अहमद को आउट किया। उनका शानदार कैच कानपुर के कप्तान समीर रिजवी ने लपका।

इसके बाद अभिषेक गोस्वामी और करण शर्मा ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने पहले संभलकर बल्लेबाजी की और फिर पावरप्ले के बाद रन गति बढ़ा दी। 13वें ओवर तक दोनों ने शतकीय साझेदारी पूरी कर ली और कानपुर के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बना दिया।

अभिषेक गोस्वामी ने 52 गेंदों पर नाबाद 76 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं कप्तान करण शर्मा ने 44 गेंदों पर 67 रन बनाए। दोनों के बीच 84 गेंदों में 135 रन की मैच जिताऊ साझेदारी हुई।

कप्तान करण शर्मा के आउट होने के बाद उपेंद्र यादव ने मोर्चा संभाला और सिर्फ सात गेंदों में नाबाद 18 रन की तेज पारी खेलकर काशी रुद्रास को 18.1 ओवर में आठ विकेट से जीत दिला दी।

प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक गोस्वामी ने कहा कि वह हर गेंद पर ध्यान केंद्रित करके बल्लेबाजी करते हैं और पहले से कोई निश्चित योजना नहीं बनाते। उन्होंने बताया कि करण शर्मा के साथ वह बचपन से क्रिकेट खेलते आए हैं, जिससे दोनों के बीच बेहतर तालमेल और संवाद है। अभिषेक के मुताबिक, शुरुआत में विकेट पर बल्लेबाजी करना मुश्किल था, लेकिन सतह को समझने के बाद रन बनाना आसान हो गया।

इस जीत के साथ दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास ने सीजन-4 में जीत के साथ अपना खाता खोल लिया है। वहीं कानपुर सुपरस्टार्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। समीर रिजवी की शानदार नाबाद पारी के बावजूद टीम को जीत नहीं मिल सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *