UPT20 League 2026: बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू के धमाके से नोएडा किंग्स ने कानपुर सुपरस्टार्स को रोमांचक मुकाबले में हराया, UPT20 में दर्ज की पहली जीत
बॉबी-कार्तिक की 78 रनों की नाबाद साझेदारी से पलटी बाजी: 57/7 पर सिमटने के बाद नोएडा ने 3 विकेट से छीनी जीत
यह प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपनी माँ को समर्पित करता हूँ’: कार्तिक सिद्धू
Lucknow, August 15, 2026: स्वतंत्रता दिवस पर भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए यूपी टी20 लीग (UP T20 League) सीजन-4 के दूसरे मुकाबले में दर्शकों को सांस थाम देने वाला रोमांच देखने को मिला। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू के बीच 8वें विकेट के लिए हुई 78 रनों की अटूट साझेदारी के दम पर नोएडा किंग्स ने हार के मुंह से निकलकर कानपुर सुपरस्टार्स को 3 विकेट से हरा दिया।
135 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय नोएडा किंग्स की आधी से ज्यादा टीम महज 57 रनों पर पवेलियन लौट चुकी थी और उसके 7 विकेट गिर चुके थे। लेकिन यहाँ से बॉबी यादव (28 गेंदों में नाबाद 44 रन) और कार्तिक सिद्धू (21 गेंदों में नाबाद 34 रन) ने मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए मैच का पासा पलट दिया और 2 गेंद शेष रहते टीम को एक यादगार जीत दिला दी।
शिवा सिंह और कुणाल त्यागी की गेंदबाजी से 134 पर सिमटी कानपुर
इससे पहले नोएडा किंग्स के कप्तान माधव कौशिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने बिल्कुल सही साबित किया। 2019 अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे बाएं हाथ के स्पिनर शिवा सिंह (3/18) और तेज गेंदबाज कुणाल त्यागी (3/28) की धारदार गेंदबाजी के सामने कानपुर सुपरस्टार्स का शीर्ष क्रम बिखर गया और टीम ने 13 ओवर में 74 रन पर 7 विकेट गंवा दिए।
हालांकि, निचले मध्यक्रम में यशोवर्धन सिंह (21 गेंदों में 28 रन) और शुभम मिश्रा (24 गेंदों में 29 रन) ने 8वें विकेट के लिए 59 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाकर कानपुर को 20 ओवर में 134/8 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
57 पर 7 विकेट…कानपुर के गेंदबाजों का कहर
135 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत भी बेहद खराब रही। ऑलराउंडर शुभम मिश्रा ने गेंद से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 2 विकेट झटके। अनुभवी स्पिनर करण शर्मा (2/39) और अजय कुमार (2/31) ने भी नोएडा के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। 12वें ओवर तक 57 रन पर 7 विकेट गंवाकर नोएडा की हार लगभग तय दिख रही थी।
अंतिम ओवर का ड्रामा..बॉबी यादव के लगातार चौकों ने दिलाई जीत
इसके बाद मैदान पर बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू का तूफान आया। दोनों ने 18वें ओवर में अजय कुमार को निशाना बनाते हुए 17 रन बटोरे।
अंतिम ओवर में नोएडा को जीत के लिए 14 रनों की दरकार थी और गेंदबाजी की कमान संभाल रहे थे ‘स्पीड हंट’ से आए युवा गेंदबाज शक्ति वर्मा। बॉबी यादव ने दबाव में घबराए बिना पहली दो गेंदों पर लगातार दो चौके जड़ दिए। इसके बाद 3 गेंदों में 4 रन की जरूरत रहने पर बॉबी ने एक्स्ट्रा cover के ऊपर से शानदार चौका लगाकर नोएडा किंग्स को 3 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।
‘अंतिम ओवरों में चूक हुई, लेकिन युवा गेंदबाज पर गर्व है’: समीर रिज़वी
(कप्तान, कानपुर सुपरस्टार्स)
मैच के बाद करीबी हार पर बात करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिज़वी ने अपनी टीम और युवा गेंदबाज का बचाव करते हुए कहा:
“हमारी गेंदबाजी यूनिट ने बहुत अच्छी शुरुआत की थी। बस आखिरी के कुछ ओवर हमारे पक्ष में नहीं रहे जैसा हम चाहते थे। लेकिन यह खेल का हिस्सा है। हमारे गेंदबाज (शक्ति वर्मा) का यह पहला मैच और डेब्यू था, ऐसी चीजें किसी के साथ भी हो सकती हैं। कुल मिलाकर हमने अच्छा क्रिकेट खेला और मैं टीम के प्रदर्शन से खुश हूँ। बल्लेबाजी में शुरुआती झटकों के बाद हमने अच्छी वापसी की और पारी का अंत मजबूत किया।”
‘यह प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपनी माँ को समर्पित करता हूँ’: कार्तिक सिद्धू (Player of the Match)
मैच जिताऊ पारी खेलने वाले कार्तिक सिद्धू ने अपनी रणनीति और सफलता का श्रेय टीम मैनेजमेंट को दिया:
“7 विकेट गिरने के बाद भी हमें भरोसा था। परिस्थितियां गेंदबाजों की मदद कर रही थीं, लेकिन हमें पता था कि अगर हम अंत तक टिके रहे तो मौका जरूर मिलेगा। डगआउट से सपोर्ट स्टाफ और सर लगातार 12वें-15वें खिलाड़ी के जरिए हमें प्लान भेज रहे थे। मेरी योजना सिर्फ यही थी कि खराब गेंदों को बाउंड्री के पार भेजना है, हर गेंद पर अंधाधुंध शॉट नहीं खेलने हैं। मैं यह अवॉर्ड अपनी माँ को समर्पित करता हूँ।”
मैच अवार्ड्स लिस्ट (Match Awards):
- प्लेयर ऑफ द मैच (POTM): कार्तिक सिद्धू
- सुपर स्ट्राइकर ऑफ द मैच: कार्तिक सिद्धू
- मोस्ट सिक्सेस अवॉर्ड: कार्तिक सिद्धू
- मोस्ट फोर (4s) अवॉर्ड: बॉबी यादव
- डिपेंडेबल बॉलर ऑफ द मैच: शिवा सिंह
- बेस्ट कैच ऑफ द मैच: आदर्श सिंह
आगामी मुकाबला (शनिवार, 15 अगस्त):
- मैच 3: लखनऊ फाल्कन्स बनाम गोरखपुर लायंस (रात 7:30 बजे से)
