लखनऊ एयरपोर्ट पर ‘कर्मयोगी बुकस्टोर’ का शुभारंभ, यात्रियों को मिलेगी प्रधानमंत्री मोदी के जीवन और विचारों पर आधारित पुस्तकों की सौगात

Spread the love

टर्मिनल-3 के आगमन हॉल में अराइवल गेट-02 के पास शुरू हुआ बुकस्टोर, मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी दर्शन सिंह ने किया उद्घाटन

सरोजिनी नगर लखनऊ । चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों को अब हवाई सफर के साथ साहित्य और विचारों की दुनिया से जुड़ने का भी अवसर मिलेगा। लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 स्थित आगमन हॉल में अराइवल गेट-02 के निकट ‘कर्मयोगी बुकस्टोर’ का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी श्री दर्शन सिंह ने किया।
‘कर्मयोगी बुकस्टोर’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, नेतृत्व, दूरदर्शी सोच, विचारों और सुशासन पर आधारित विभिन्न प्रतिष्ठित लेखकों की पुस्तकों का विशेष संग्रह उपलब्ध कराया गया है। इस संग्रह के माध्यम से पाठकों को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन, नेतृत्व शैली, देश की विकास यात्रा और समकालीन भारत में हो रहे विभिन्न परिवर्तनों से संबंधित साहित्य पढ़ने का अवसर मिलेगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और आगंतुकों को यात्रा के दौरान ज्ञानवर्धक साहित्य से जोड़ना तथा देश के नेतृत्व, विकास और सुशासन से जुड़े विचारों को पुस्तकों के माध्यम से उन तक पहुंचाना है। यह बुकस्टोर विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, जो यात्रा के दौरान अपने समय का सदुपयोग करते हुए पढ़ने की रुचि रखते हैं।
एयरपोर्ट परिसर में इस प्रकार की साहित्यिक पहल यात्रियों को एक नया अनुभव प्रदान करने के साथ ही पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इससे एयरपोर्ट केवल आवागमन का केंद्र ही नहीं, बल्कि ज्ञान और विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम भी बनेगा।
‘कर्मयोगी बुकस्टोर’ अब यात्रियों एवं आगंतुकों के लिए खुल गया है। इच्छुक यात्री टर्मिनल-3 के आगमन हॉल में अराइवल गेट-02 के पास पहुंचकर यहां उपलब्ध पुस्तकों का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *