लखनऊ। रेलवे कर्मचारी वंशित काण्डा (23) की रहस्यमयी आत्महत्या मामले में “हनी ट्रैप” का एंगल अब प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। एफआईआर दर्ज होने के बाद उसकी प्रेमिका सृष्टि चौधरी और उसकी मां की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन सृष्टि चौधरी फिलहाल फरार बताई जा रही है। उसका मोबाइल बंद है और पुलिस उसकी लोकेशन ट्रैक नहीं कर पा रही है।
वंशित की मां अपर्णा काण्डा ने तहरीर में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सृष्टि चौधरी पिछले 4–5 वर्षों से उनके बेटे को जानबूझकर अपने प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ आर्थिक व मानसिक शोषण कर रही थी। तहरीर में यह भी उल्लेख है कि सृष्टि लगातार महंगे गिफ्ट, कैश और सुविधाएँ वंशित से लेती थीं, और उसके एटीएम व क्रेडिट कार्ड अपने कब्जे में रखकर उसकी पूरी सैलरी खर्च कर देती थी। परिवार का आरोप है कि यह सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा था, जिस कारण मामला “हनी ट्रैप” जैसा प्रतीत हो रहा है।
तहरीर के अनुसार, पिछले छह महीनों से सृष्टि और उसकी मां वंशित पर लखनऊ स्थित घर बेचकर पैसे का इंतजाम करने और दुबई जाकर बसने का जोरदार दबाव बना रही थीं। इनकार करने पर उसे झूठे केस में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी जाती थी। परिवार का दावा है कि यह दबाव और धमकियां हनी ट्रैप की रणनीति का हिस्सा थीं, जिससे वंशित मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया था।
परिवार ने पुलिस को बताया कि वंशित के मोबाइल में सृष्टि से जुड़ी चैट, कॉल रिकॉर्डिंग, वॉइस नोट्स और अन्य डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं, जिनसे यह साफ होता है कि सृष्टि उसे लगातार आर्थिक रूप से खाली करने और भावनात्मक रूप से कमजोर बनाने की कोशिश कर रही थी। परिजनों का कहना है कि सृष्टि और उसकी मां ने वंशित को कई बार बुलाकर मारपीट और धमकाया भी।
मानसिक उत्पीड़न से जूझते हुए वंशित ने 23 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6.30 बजे अपने घर की ऊपरी मंजिल पर खुदकुशी कर ली। अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद वीआईपी रोड स्थित शवदाह गृह में अंतिम संस्कार किया गया। वंशित परिवार का इकलौता पुत्र था।
थाना कृष्णानगर प्रभारी प्रद्युमन सिंह का कहना है कि हनी ट्रैप सहित सभी आरोपों की जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों को साइबर सेल के सहयोग से वेरिफाई किया जा रहा है। सृष्टि और उसकी मां की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं, लेकिन एफआईआर दर्ज होने से पहले ही दोनों घर छोड़कर फरार हो गईं।
परिवार ने मांग की है कि हनी ट्रैप के एंगल को ध्यान में रखकर कठोर कार्रवाई की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और तथ्य सामने आ सकते हैं।
