उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ संजय कपूर ने मीडिया हाउस पहुंचकर पत्रकारों का आभार जताया

Spread the love

लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं UPT20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ संजय कपूर ने आज मीडिया हाउस पहुंचकर क्रिकेट कवरेज में निरंतर सहयोग के लिए पत्रकारों की सराहना की।

डॉ कपूर ने मीडिया हाउस में मौजूद सभी खेल पत्रकारों और मीडियाकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी में क्रिकेट को नई ऊंचाई तक ले जाने में मीडिया का योगदान अतुलनीय है।

उन्होंने कहा, “आपकी कलम ने ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दी है। मीडिया के सहयोग के बिना किसी भी आयोजन को इतना भव्य और सफल बनाना संभव नहीं था। आप लोगों ने जिस तरह से उत्तर प्रदेश के दूर-दराज इलाकों से आए युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देश-दुनिया के सामने रखा, उसके लिए पूरा UPCA परिवार आपका आभारी है।”

डॉ कपूर ने विशेष रूप से UPT20 लीग के कवरेज का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ के इकाना स्टेडियम और कानपुर के ग्रीन पार्क में हुए मैचों के दौरान मीडिया ने जिस प्रतिबद्धता से कवरेज किया, उससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिला है।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि UPCA का मुख्य उद्देश्य उन गरीब और साधनहीन युवाओं को मंच देना है, जिनके पास सुविधाओं की कमी है। मीडिया के माध्यम से ही शुभम गौतम, कृष्णा सरोज जैसे खिलाड़ी आज पूरे देश में अपनी पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी खेल आयोजकों और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाकर उत्तर प्रदेश में खेलों के माहौल को और मजबूत किया जाएगा। मीडिया हाउस की ओर से डॉ संजय कपूर का स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *