चरगावां में स्वरोजगारी मैत्री का प्रशिक्षण प्रारम्भ
भारत सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और पशुपालकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चयनित प्रशिक्षार्थियों का तीस दिवसीय सैद्धांतिक प्रशिक्षण गुरुवार को चरगावां में नवनिर्मित
प्रशिक्षण संस्थान में शुरू हुआ। इस संस्था का लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा 12 जुलाई 2025 को किया गया था। गाजीपुर जिले के चयनित 43 प्रशिक्षार्थियों को उत्तर प्रदेश पशुधन विकास परिषद के जोन प्रबंधक और प्रशिक्षण समन्वयक डा. बी के सिंह ने प्रशिक्षण की बारीकियां बताई।
डा.बी के सिंह ने बताया कि यह
प्रदेश सरकार की एक बड़ी पहल है। इसके तहत उत्तर प्रदेश पशुधन विकास परिषद की ओर से प्रदेशभर में स्वरोजगारी मैत्री (मल्टी परपज एआई टैक्निशियन इन रूरल इंडिया) का चयन किया गया है। इन्हें 30 दिवसीय सैद्धांतिक प्रशिक्षण व 60 दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके बाद उन्हें गांव-गांव स्तर पर नियुक्त किया जाएगा, ताकि पशुपालकों को कृत्रिम गर्भाधान, दुधारु पशुओं की नस्ल सुधार, बीमारियों की रोकथाम और अन्य तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। । साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर कम से कम एक मैत्री की स्थापना/तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान अपर निदेशक पशुपालन डॉ. अरविंद कुमार वैश्य,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.धर्मेंद्र पाण्डेय, डा.नवीन, डा. साठे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
