लखनऊ। शहर की सफाई व्यवस्था को सशक्त बनाने में जुटी संस्था लॉयन एनवायरो ने अप्रैल माह में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन (UCC) के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ज़ोन—2, जोन 5 और जोन 8—में कार्य करते हुए कंपनी ने 1 करोड़ कलेक्शन का आंकड़ा पार कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
नगर निगम लखनऊ के सहयोग से संचालित इस अभियान में लॉयन एनवायरो की टीम ने न सिर्फ बेहतर संचालन किया, बल्कि सफाई व्यवस्था को एक नई दिशा दी। यह उपलब्धि टीम के अथक परिश्रम, समर्पण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।
लॉयन एनवायरो के प्रोजेक्ट इंचार्ज दिलीप यादव ने इस मौके पर बताया, “हमारा लक्ष्य केवल कूड़ा उठाना नहीं, बल्कि लखनऊ को एक स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना है। यह सफलता हमारी टीम की मेहनत और जनता के सहयोग का परिणाम है।”
नगर निगम के अधिकारियों ने भी इस उपलब्धि पर लॉयन एनवायरो की टीम को बधाई दी है और भविष्य में इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता से कार्य करते रहने की उम्मीद जताई है।
