U.P T20 सीजन 4 की सफलता पर मीडिया कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद फहीम ने पत्रकारों के सहयोग की सराहना की

Spread the love

लखनऊ: यूपी टी-20 लीग सीजन-4 की ऐतिहासिक सफलता के बाद उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की मीडिया कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद फहीम ने लीग को कवर करने वाले सभी पत्रकारों, फोटो जर्नलिस्टों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सहयोग की दिल से सराहना की है।

इकाना स्टेडियम के मीडिया सेंटर में आयोजित एक धन्यवाद समारोह में मोहम्मद फहीम ने कहा कि सीजन-4 को बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के विजन के अनुरूप सबसे बड़े और सफल सीजन के रूप में स्थापित करने में मीडिया की भूमिका सबसे अहम रही।

उन्होंने कहा –
“यूपी टी-20 लीग सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि यूपी के युवा खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मंच है। इस मंच को घर-घर तक पहुंचाने का काम आप पत्रकार साथियों ने किया है। दिन-रात, धूप-बारिश में आपके द्वारा की गई कवरेज से ही लीग को यह पहचान मिली है।”
फहीम ने विशेष रूप से लखनऊ स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन का आभार जताया। गौरतलब है कि लीग के दौरान बेहतरीन मीडिया मैनेजमेंट के लिए हाल ही में लखनऊ स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा खुद मोहम्मद फहीम, उनके सहयोगी गोपाल कृष्ण पाण्डेय, श्रेयश शर्मा और मीडिया संयोजक अहमद अली खान ‘तालिब’ को सम्मानित किया गया था।

आपको बता दें कि यूपी टी-20 लीग सीजन-4 इस बार अपने सबसे बड़े ओपनिंग सेरेमनी के साथ शुरू हुआ था, जिसमें इकाना के सीएमडी उदय सिन्हा, सीईओ अंकित चटर्जी और गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह के साथ मीडिया मैनेजर के तौर पर मोहम्मद फहीम मौजूद रहे थे। फाइनल मुकाबला इस बार इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेला गया।

फहीम ने कहा कि यूपीसीए के मीडिया संचालन को निरंतर प्रभावशाली बनाए रखने में उनकी पूरी टीम ने एकजुट होकर काम किया और आगे भी पत्रकारों के साथ यही तालमेल जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *