फतेहगंज पश्चिमी: गड्ढे के पानी में मिली बेसुध महिला, एक दिन पहले मिला था 3 साल का बच्चा

Spread the love

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। हाइवे बाईपास रहपुरा अंडरपास से रहपुरा जागीर को जाने वाले मार्ग पर शनिवार को सनसनी फैल गई। रोड किनारे एक कॉलेज के पास गड्ढे में भरे पानी में एक महिला बेसुध अवस्था में पड़ी मिली।

राहगीरों ने महिला को पानी में पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। महिला सिपाही की मदद से बेसुध महिला को गड्ढे के पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि महिला बेसुध होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला कहां की रहने वाली है और वह गड्ढे के पानी में कैसे पहुंची, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले इसी क्षेत्र में रहपुरा अंडरपास के पास से एक करीब 3 साल का बच्चा भी लावारिस हालत में मिला था। बच्चा कुछ बता नहीं पा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे अनाथालय भेज दिया था।

अब एक ही क्षेत्र में एक दिन के अंतराल में बच्चा और महिला का मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस महिला और बच्चे के बीच कोई संबंध है या नहीं, इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *