विशाल-वासु की घातक गेंदबाजी, आर्यन चौधरी व आर्यन जुयाल की दमदार बल्लेबाजी से गोरखपुर की बड़ी जीत

Spread the love

लखनऊ, 22 अगस्त 2026।विशाल निषाद (4/19) व वासुवत्स (4/16) की उम्दा गेंदबाजी के बाद आर्यन
चौधरी (नाबाद 68) व कप्तान आर्यन जुयाल (43) की शानदार पारियों की बदौलत गौर गोरखपुर लायंस ने यूपी
टी-20 लीग सीजन-4 में शनिवार को खेले गए पहले मैच काशी रुद्रास को आठ विकेट से पराजित किया।
गोरखपुर की यह दूसरी जीत है, जबकि काशी की लगातार चार जीत के बाद हार का सामना करना पड़ा। इस मैच
में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार विशाल निषाद को मिला।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए मैच में काशी रुद्रास ने
पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 138 रन बनाए। जवाब मेंगौर गोरखपुर लायंस ने 14.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाते हुए जीत अपनी झोली में डाल ली।
मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं पंचायती राज मंत्री ओ पी राजभर ने पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
ओ पी राजभर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए शानदार मंच उपलब्ध कराया है। इस तरह के आयोजनों से प्रदेश में क्रिकेट को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ नई
प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खिलाड़ियों को अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़े स्तर तक पहुंचने के लिए ऐसे मंचों का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग लगातार नए आयाम हासिल कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के साथ-साथ लीग का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की अंपायरिग व स्कोरिग कमेटी के चेयरमैन मनोज पुंडीर व पूर्व भारतीय क्रिकेटर पीयूष चावला भी मौजूद थे।
औपचारिक शुरुआत के बाद गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर काशी रुद्रास को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत बेहद धीमी रही।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी (11) चौथेओवर में वासुवत्स का शिकार बने जिनका कैच तीरथ सिंह ने
लपका। हालांकि उनके जोड़ीदार साहब युवराज सिंह ने एक छोर से पारी को संभाला और 34 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 43 रन की सर्वाधिक पारी खेली।
हालांकि फिर विशाल निषाद ने अपनी फिरकी गेंदबाजी का कमाल दिखाते हुए कप्तान करन शर्मा (17) को 11वें
ओवर, साहब युवराज सिंह (43) व शुभम चौबे(4) को 13वेंओवर और विजय यादव (1) को 15वें ओवर में आउट
कर काशी के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया।
फिर उपेन्द्र यादव (20) को वासुवत्स की गेंद पर अभय प्रताप सिंह ने पवेलियन भेजा। वासुवत्स ने19वेंओवर में सिद्धार्थ जैन (6) और कार्तिक यादव (0) को लगातार गेंदों पर आउट किया, जबकि तीरथ सिंह ने आखिरी ओवर में अटल बिहारी राय (0) का विकेट लिया।

काशी की ओर से आखिरी ओवरों में अर्नव बलियान ने 16 गेंदों पर 1 चौका और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 27 रन बनाए जिससे काशी रुद्रास ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 138 रन बनाए।
गौर गोरखपुर लायंस की ओर से विशाल निषाद ने 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट झटके। वासुवत्स ने भी
बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।
जवाब में गौर गोरखपुर लायंस ने लक्ष्य का पीछा करते हुए सधी शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह
ने 11 गेंदों पर दो चौके व दो छक्के की मदद से आक्रामक 24 रन बनाए। हालांकि अभय प्रताप सिंह (24) को
तीसरे ओवर में विजय यादव ने आउट करते हुए काशी को पहली सफलता दिलाई। उस समय गोरखपुर का स्कोर
41 रन था।
इसके बाद आर्यन चौधरी और कप्तान आर्यन जुयाल ने दूसरे विकेट के लिए 97 रन की मजबूत साझेदारी से मैच
को काशी की पकड़ से पूरी तरह बाहर कर दिया।
आर्यन चौधरी ने 44 गेंदों पर 3 चौके और 7 गगनचुम्बी छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। कप्तान आर्यन
जुयाल ने भी संयम भरी पारी खेलते हुए हुए 32 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों से 43 रन की पारी खेली।
गोरखपुर 15वेंओवर में जीत से महज एक रन दूर था तभी सुनील कुमार की गेंद पर कप्तान आर्यन जुयाल सबस्टीट्यूट मोहम्मद शारीम को कैच थमा बैठे। फिर अगली ही गेंद पर सिद्धार्थ यादव ने एक रन बनाकर
टीम को जीत दिला दी। काशी रुद्रास की ओर से विजय यादव व सुनील कुमार ने एक-एक विकेट लिए, जबकि बाकी गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए।
करन शर्मा बने 1500 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज
करन शर्मा लीग में 1500 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आज 17 रन बनाकर 1505 रन पूरे कर लिए। उन्होंने अपनी यह उपलब्धि 40 मैचों में 12 अर्धशतक व दो शतक जड़ते हुए हासिल की।
हालांकि 1500 सेअधिक रन बनाने के मामले में कानपुर के कप्तान समीर रिजवी शीर्ष पर हैं, जिन्होंने एक दिन पहले 1563 रन पूरे किए। समीर ने 37 मैचों में 11 अर्धशतक व दो शतक पूरे करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *