वन स्टॉप सेंटर में किशोरियों ने जाना महिला कल्याण योजनाओं और सुरक्षा सेवाओं का संचालन

Spread the love

।। वन स्टॉप सेंटर में किशोरियों ने जाना महिला कल्याण योजनाओं और सुरक्षा सेवाओं का संचालन ।।

*लखनऊ। जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में विज्ञान फाउंडेशन (गैर सरकारी संगठन) द्वारा जानकीपुरम एवं मड़ियांव क्षेत्र की किशोरियों का बुधवार को वन स्टॉप सेंटर यूनिट-1, आशियाना, लखनऊ में एक्सपोज़र विजिट कराया गया।
विजिट के दौरान मनोसामाजिक परामर्शदाता सोनल श्रीवास्तव ने किशोरियों को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली तथा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, यूपी मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19), यूपी मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) तथा पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला अनुदान योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को जन सेवा केंद्र अथवा संबंधित कैंप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
इस अवसर पर घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में भी किशोरियों को जानकारी दी गई। बताया गया कि पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू काउंसलिंग, अल्पावास गृह, महिला पुलिस रिपोर्टिंग चौकी, चिकित्सकीय सहायता एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
एक्सपोज़र विजिट के दौरान अर्चना सिंह, सेंटर मैनेजर ने किशोरियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस सहायता, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 102 स्वास्थ्य सेवा एवं 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में बताया गया।
विजिट के दौरान महिला पुलिस रिपोर्टिंग चौकी की चौकी प्रभारी शालिनी सोनकर भी उपस्थित रहीं। उन्होंने किशोरियों को महिला सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी दी और किसी भी आपात स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *