बाल विद्या मंदिर में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, स्कूल टॉपर अनुष्का अरोड़ा को 11 हजार रुपये का चेक
लखनऊ। चारबाग स्थित बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस सोमवार को उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह में प्रख्यात पत्रकार, राजनीतिक विश्लेषक एवं समाजसेवी राम दत्त त्रिपाठी मुख्य अतिथि रहे। प्रबंधक डॉ. अशोक बाजपेयी, राजेश सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे। समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने एआईएसएससीई और एआईएसएसई 2025-26 के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और पदक के साथ टैबलेट भी दिए। सीनियर वर्ग की इलाक्षी सोनी समेत करीब एक दर्जन विद्यार्थियों को यह सम्मान मिला। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई। वहीं, एआईएसएससीई 2025-26 की स्कूल टॉपर अनुष्का अरोड़ा को विशेष सम्मान मिला। उन्हें मोतीलाल मेमोरियल सोसाइटी के कोषाध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश अग्रवाल के पुत्र स्वर्गीय कुशाग्र अग्रवाल की स्मृति में 11 हजार रुपये का चेक दिया गया। यह सम्मान विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने की पहल है।
