एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में भाजपा नेता राजीव मिश्रा ने बच्चों संग किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया प्रेरक संदेश

Spread the love

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत शिवा मोंटेसरी स्कूल, भरतपुरी, तालकटोरा (ऐशबाग) में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता राजीव मिश्रा ने विद्यालय के बच्चों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में राजीव मिश्रा ने कहा कि एक पेड़ लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प है। उन्होंने बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि ममता चेरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से राजीव मिश्रा लंबे समय से दिव्यांगजनों, जरूरतमंद परिवारों एवं अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
इस अवसर पर भारतीय पत्रकार एवं मानवाधिकार परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बहादुर सिंह ने ममता चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे जनसेवा एवं मानवता के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवाभावी लोगों की समाज को अत्यंत आवश्यकता है, जो बिना किसी स्वार्थ के दिव्यांगजनों, जरूरतमंदों तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में निरंतर योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि राजीव मिश्रा द्वारा समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास अनुकरणीय हैं तथा ऐसे कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होता है।
विद्यालय के प्रबंधक कमल किशोर त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा मुख्यमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज सेवा और जन- जागरूकता का भी प्रभावी संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *