आशियाना में दिनदहाड़े गाड़ी छीनी, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

Spread the love


लखनऊ। राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े गाड़ी छीनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय कुमार निवासी कुबेर बागिया, तेलीबाग, अपनी वैगनआर कार (UP32 JN 9837) से 4 अप्रैल 2026 को आशियाना क्षेत्र के पकरी पुल के पास से गुजर रहे थे। तभी अचानक 4-6 लोग उनके सामने आकर गाड़ी रोक लेते हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने खुद को रिकवरी एजेंट बताते हुए कहा कि गाड़ी की किस्त बकाया है, जबकि पीड़ित के अनुसार मात्र दो माह की किस्त ही लंबित थी और इस संबंध में कोई पूर्व नोटिस या सूचना भी नहीं दी गई थी।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जबरन गाड़ी से उतारकर अभद्रता की, मारपीट पर उतारू हो गए और उनकी कार को जबरदस्ती छीनकर आशियाना स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स ले गए।
इतना ही नहीं, गाड़ी में रखा पीड़ित का पर्स भी आरोपियों के कब्जे में चला गया, जिसमें करीब ₹5000 नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रेस पहचान पत्र, वोटर आईडी व दो एटीएम कार्ड (बैंक ऑफ इंडिया व इंडियन ओवरसीज बैंक) सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।
सूत्रों की मानें तो आरोपियों ने पीड़ित पर कागजों पर हस्ताक्षर करने व ओटीपी साझा करने का दबाव भी बनाया, जो कि पूरी तरह अवैध है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना थाना आशियाना क्षेत्र में खुलेआम होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे स्थानीय पुलिस की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं होती रहीं और पुलिस मूकदर्शक बनी रही, तो आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
पीड़ित ने थाना आशियाना में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करती है या फिर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *