लखनऊ । राजधानी के रुचि खंड क्षेत्र में रविवार को परिवर्तन संगठन द्वारा एक भव्य परिवर्तन सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के संस्थापक रोहित श्रीवास्तव ने किया। सम्मेलन में संगठन की भविष्य की दिशा को लेकर गंभीर मंथन किया गया, जिसमें परिवर्तन संगठन को राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित किए जाने पर विशेष रूप से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में संगठन के प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन में आलोक सिंह (संगठन अध्यक्ष), पंकज यादव (संगठन प्रभारी) के साथ-साथ इज्मा जहीर, प्रियंका श्रीवास्तव, अमित चोपड़ा, राकेश तिवारी, दीपक श्रीवास्तव, अजय सिंह दीक्षित, संजीव रेड्डी, शाहनवाज, विजय लक्ष्मी, मधु सिंह तथा अमन सिंह (संस्थापक रोहित श्रीवास्तव के प्रतिनिधि) प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आम जनता की राय जानना रहा कि क्या परिवर्तन संगठन को राजनीतिक पार्टी का रूप दिया जाना चाहिए या नहीं। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों के बीच फॉर्म वितरित किए गए, जिनके माध्यम से जनता से वोट के रूप में अपनी राय देने की अपील की गई। आयोजकों ने बताया कि जनता की सहमति के आधार पर ही संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक रोहित श्रीवास्तव और अन्य वक्ताओं ने मौजूदा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वक्ताओं का कहना था कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है, जिससे आम जनता में निराशा बढ़ रही है।
वक्ताओं ने कहा कि यदि परिवर्तन संगठन को राजनीतिक मंच पर उतरने का अवसर मिलता है तो जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा और एक वैकल्पिक, जवाबदेह व्यवस्था देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सम्मेलन को सफल बताया और उम्मीद जताई कि जनता की राय को सर्वोपरि रखते हुए परिवर्तन संगठन आने वाले समय में बड़ा फैसला लेगा। सम्मेलन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ।
लखनऊ में परिवर्तन सम्मेलन का आयोजन, संगठन को राजनीतिक पार्टी बनाने पर हुई अहम चर्चा
