लखनऊ। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की एएसजी लखनऊ इकाई द्वारा सामाजिक सरोकारों के अंतर्गत गुरुवार को एक सराहनीय पहल की गई। कड़ाके की ठंड को देखते हुए गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच शीत राहत सामग्री (कंबल) का वितरण किया गया।
यह कार्यक्रम सायं लगभग 17:30 बजे आयोजित किया गया, जिसके तहत सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान बिजनौर क्षेत्र स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में निवास कर रहे जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही लाभार्थियों के बीच मिठाइयाँ भी वितरित की गईं, जिससे लोगों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ अधिकारियों एवं जवानों ने जरूरतमंद नागरिकों से संवाद कर उनका हाल-चाल जाना तथा ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियाँ बरतने की अपील की। इस मानवीय पहल से क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष राहत मिली।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों एवं समाजसेवियों ने सीआईएसएफ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सीआईएसएफ न केवल सुरक्षा के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह पहल सीआईएसएफ की संवेदनशीलता, सेवा भावना और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
