भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व है रक्षाबंधन – संजीव शर्मा

Spread the love

बागपत, उत्तर प्रदेश। विपुल जैन। बागपत में रक्षाबंधन का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बागपत के प्रमुख समाजसेवी संजीव शर्मा के परिवार ने राखी का त्यौहार बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया। संजीव शर्मा की बहन अनुपम श्रोती ने संजीव और भतीजे आयुष को टीका लगाकर और राखी बांधकर परमेश्वर से उनके मंगल की कामना की। संजीव शर्मा की दोनों बेटियों आयुषी श्रोती व जाह्नवी श्रोती ने अपने भाई आयुष को राखी बांधी और उसकी दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने अपनी बहनों को उपहार भेंट किए और उनकी रक्षा का वचन दिया। आयुषी और जाह्नवी ने भी एक दूसरे को रक्षासूत्र बांधा और हर मुश्किल घड़ी में एक दूसरे का साथ देने का वचन दिया। इस अवसर पर संजीव शर्मा ने बताया कि रक्षा बंधन का पर्व भारत के सांस्कृतिक त्योहारों में से एक है। रक्षा बंधन एक महत्वपूर्ण हिंदू त्योहार है जो भाई-बहन के बीच के बंधन का जश्न मनाता है। कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम को दर्शाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनकी लम्बी आयु के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती है। इस पर्व पर भाई बहनों को उपहार देते हैं और उनकी रक्षा और देखभाल करने का वचन देते हैं। यह पर्व आपसी सम्मान और स्नेह दिखाने का एक तरीका है। संजीव शर्मा ने बताया कि रक्षा बंधन सिर्फ़ खून के रिश्तों तक सीमित नहीं है; इसे चचेरे भाई-बहनों व करीबी दोस्तों के बीच मनाया जाता है। भारत में रक्षा बंधन की परंपरा अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों में अलग-अलग है। क्षेत्र और समुदाय भले ही इस त्यौहार को अपनी परम्परा के अनुसार मनाते हो लेकिन हर समुदाय में यह एक ऐसा दिन है जब परिवार के लोग एक साथ मिलकर जश्न मनाते हैं और खुशियाँ बाँटते हैं। यह खुशी, हँसी और परिवार के साथ गर्मजोशी से भरा एक दिन है। संजीव शर्मा ने बताया कि यह त्यौहार हमें पारिवारिक संबंधों के महत्व और प्रेम, सुरक्षा और प्रतिबद्धता के मूल्यों की याद दिलाता है। यह हमारे जीवन में सबसे महत्वपूर्ण रिश्तों को मजबूत करने का एक सुंदर तरीका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *