मानिकपुर, प्रतापगढ़। थाना मानिकपुर क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला शिव शक्ति हार्डवेयर की दुकान में चोरी का है, जहां शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर करीब 50,000 रुपए के सामान और दराज में रखे 12,000 रुपए नकद पर हाथ साफ कर फरार हो गए। दुकान के मालिक प्रभाकर मिश्रा ने इस संबंध में थाना मानिकपुर में शिकायत दर्ज कराई है।
बभन पुर निवासी हार्डवेयर व्यवसाई प्रभाकर मिश्रा,ने बताया कि उनकी दुकान सरकारी अस्पताल के समीप स्थित है। घटना की रात वह हमेशा की तरह दुकान बंद कर अपने निवास चले गए। सुबह आने पर उन्हें दुकान का ताला टूटा मिला और अंदर का कीमती सामान गायब था। प्रभाकर मिश्रा ने तत्काल घटना की सूचना थाना मानिकपुर को दीं।
घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों और नगर के व्यापारियों में चोरी को लेकर काफी आक्रोश है। उन्होंने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है — नगर में चोरी, लूट और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस इन घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है।
पीड़ित व्यापारी प्रभाकर मिश्रा का कहना है कि मानिकपुर में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, जिसका सीधा असर आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि के रूप में दिख रहा है। आए दिन दुकानों में चोरी, घरों में सेंधमारी, बाइक, कार और मोबाइल जैसी चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लेकिन मानिकपुर पुलिस प्रशासन नशेड़ियों व नशा के कारोबारियों के ऊपर अंकुश लगाने में पूरी तरह निष्क्रिय है।
एक स्थानीय व्यापारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि, “हम लोग रोज डर के साए में व्यापार कर रहे हैं। पुलिस न तो रात्रि गश्त करती है, न ही पहले दर्ज मामलों में कोई गिरफ्तारी या कार्रवाई हुई है।”
अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।
प्रतापगढ़ मानिकपुर से राकेश कुमार धुरिया की रिपोर्ट
हार्डवेयर की दुकान में लाखों की चोरी।
