जे, बी, सिंह
लखनऊ। कानपुर रोड स्थित न्यू गुडौरा मानसरोवर योजना, एलडीए कॉलोनी, नियर शहीद पथ,पावर हाउस नादरगंज, सरोजनीनगर, लखनऊ में बिजली व्यवस्था लगातार बदहाल होने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। बीती रात बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद पूरी रात क्षेत्र की जनता अंधेरे में रहने को मजबूर रही। इससे पहले दिनभर भी बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती रात बिजली का एक तार जलकर टूट गया था। इसकी सूचना मिलने के बावजूद समय पर विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। गुरुवार सुबह क्षेत्रवासी स्वयं मौके पर पहुंचकर बिजली का तार जुड़वाने के लिए खड़े रहे। करीब आठ बजे के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन इसके बाद भी बिजली लगातार आती-जाती रही और व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि शिकायत के लिए जिम्मेदार जेई और एसडीओ सहित संबंधित अधिकारियों को फोन किया जाता है, लेकिन कई बार फोन नहीं उठाया जाता। वहीं, विद्युत कर्मचारियों का कहना है कि स्टाफ की कमी और क्षेत्र पर अतिरिक्त लोड के कारण फाल्ट को तत्काल दुरुस्त करने में परेशानी आती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रातभर बिजली न रहने और सुबह भी लगातार ट्रिपिंग होने से बच्चों, बुजुर्गों, दुकानदारों और आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था लंबे समय से ठीक नहीं है और बार-बार फाल्ट व बिजली की आवाजाही से जनता त्रस्त है।
क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर न्यू गुडौरा मानसरोवर योजना की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने, पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराने, अतिरिक्त लोड की समस्या दूर करने तथा बार-बार होने वाले फाल्ट का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
