सरकार पर जमकर बरसे सपाई
नहटौर। सीआर फार्म में समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा आयोजित ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्यकर्ता सम्मेलन बेहद सफल रहा। इस सम्मेलन में आस-पास के क्षेत्रों से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी, जिससे पूरा पंडाल खचाखच भरा नजर आया। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था और पूरे कार्यक्रम के दौरान गगनभेदी नारे गूंजते रहे।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल पहुंचे। आयोजन स्थल पर कदम रखते ही ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है।
“पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का यह गठबंधन ही शोषितों, वंचितों और पिछड़ों की असली आवाज है। आगामी चुनावों में यही ताकत एक बड़ा बदलाव लेकर आएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान किया और बूथ स्तर पर जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया। वहीं नहटौर विधान सभा से संभावित प्रत्याशी वीरेंद्र प्रधान ने सैकड़ों समर्थकों के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। तथा प्रदेश अध्यक्ष को भगत सिंह की प्रतिमा भेंट की। सम्मेलन में मौजूद विशिष्ट अतिथियों और स्थानीय नेताओं ने भी मंच से जनता को संबोधित किया। वक्ताओं ने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए जनता के हक के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में उमड़ी इस भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं के अभूतपूर्व जोश को देखकर सपा पदाधिकारी आगामी चुनावों के लिए बेहद उत्साहित और आश्वस्त नजर आए। इस मौके पर
जिला अध्यक्ष हनी फैसल,शेख सुलेमान, विधायक राम अवतार,मनोज पारस,स्वामी ओमवेश,तस्लीम अहमद,पूर्व जिला अध्यक्ष जाकिर हुसैन,अखलाक पप्पू,यशवीर धोबी,,सुरेंद्र सिंह फलोदिया,उमेश वाल्मीकि,कमलेश भुईयार,नईमुल हसन आदि उपस्थित रहे।
