दिवाली पर किन्नर प्रियंका सिंह रघुवंशी की खास अपील – ऑनलाइन खरीदारी छोड़ें, स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदकर रोशन करें उनकी दिवाली

Spread the love

लखनऊ। दिवाली के पावन पर्व पर किन्नर समाज की सामाजिक कार्यकर्ता एवं आदिशिव ट्रांसजेंडर फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रियंका सिंह रघुवंशी ने आमजन से एक भावपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि इस दिवाली ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी व्यापारियों एवं छोटे व्यवसायियों से सामान खरीदकर उनके घरों में भी खुशियों का दीप जलाएं।

प्रियंका सिंह रघुवंशी ने कहा कि दिवाली केवल अपने घर को रोशन करने का त्योहार नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने का भी पर्व है। हमारे आसपास सड़क किनारे, पटरी पर और छोटी-छोटी दुकानों पर अनेक व्यापारी भाई-बहन पूरे वर्ष मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। त्योहारों के दौरान होने वाली बिक्री ही उनके लिए आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने कहा, “आपकी छोटी-सी खरीदारी किसी छोटे दुकानदार के घर में बड़ी खुशी ला सकती है। जब आप स्थानीय दुकानदारों से दीपक, सजावट का सामान, मिठाइयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं खरीदते हैं, तो आप केवल सामान नहीं खरीदते, बल्कि किसी परिवार की दिवाली को खुशहाल बनाने में भी योगदान देते हैं।”

प्रियंका सिंह रघुवंशी ने सभी प्रदेशवासियों एवं देशवासियों से अपील की कि इस दिवाली स्वदेशी और स्थानीय व्यापार को प्राथमिकता दें। ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के बीच स्थानीय व्यापारियों का साथ देकर उनके रोजगार और आजीविका को मजबूत बनाएं।

“इस दिवाली एक संकल्प लें – स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करें, छोटे व्यापार को बढ़ावा दें और हर व्यापारी के घर में खुशियों का दीप जलाएं।”

उन्होंने सभी व्यापारी भाइयों-बहनों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *