निःशुल्क समर कैंप के माध्यम से कौशल विकास के साथ नशामुक्ति, जल संरक्षण एवं मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता अभियान; जनसेवा के प्रयासों की अतिथियों ने की सराहना
सुनील चिंचोलकर
महमंद/बिलासपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमंद की व्याख्याता शांति सोनी द्वारा ग्रीष्मावकाश के दौरान अपने स्वयं के व्यय से आयोजित निःशुल्क समर कैंप में ब्यूटी पार्लर एवं सिलाई प्रशिक्षण के साथ-साथ “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो”, “जल संरक्षण–जल संचयन” तथा “मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन जागरूकता” जैसे जनहितकारी अभियानों का सफल संचालन किया गया। इन अभियानों से जुड़े प्रेरक मित्रों एवं प्रशिक्षार्थियों का नगर निगम की महापौर पूजा विधानी के करकमलों से सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि महापौर पूजा विधानी थीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. के. के. श्रीवास्तव (संस्थापक, लायंस क्लब कैपिटल), गोविंद तिवारी (अध्यक्ष, भारत स्वाभिमान न्यास), डॉ. लव कुमार श्रीवास्तव, डॉ. आर. के. यादव, डॉ. पी. के. शर्मा तथा नरेंद्र सिंह चंदेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने व्याख्याता शांति सोनी के सेवा-समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनजागरण के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर निस्वार्थ भाव से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले लोग विरले ही मिलते हैं। उन्होंने कहा कि शांति सोनी की पहल महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, जनस्वास्थ्य, नशामुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय मॉडल है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
विशेष उल्लेखनीय है कि शांति सोनी के नेतृत्व में संचालित यह जनजागरण अभियान केवल बिलासपुर जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में विभिन्न माध्यमों से निरंतर संचालित किया जा रहा है। इन अभियानों के माध्यम से हजारों महिलाएँ, युवा, विद्यार्थी एवं नागरिक जागरूक होकर सामाजिक परिवर्तन के सहभागी बन रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सम्मानित प्रेरक मित्रों एवं प्रशिक्षार्थियों ने अभियान को और अधिक व्यापक स्तर तक पहुँचाने का संकल्प लिया। सम्मान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी स्पष्ट दिखाई दी। समारोह सामाजिक जागरूकता, सेवा और जनभागीदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।
