घंटों बिजली गुल रहने से उपभोक्ता परेशान, अधिकारी-कर्मचारियों पर फोन न उठाने का आरोप

Spread the love

लखनऊ। सरोजनी नगर क्षेत्र के न्यू नादरगंज पावर हाउस अंतर्गत न्यू गड़ौरा, मानसरोवर योजना, एलडीए कॉलोनी एवं सेक्टर-ओ सहित आसपास के क्षेत्रों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली न आने से लोगों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए जब उन्होंने संबंधित पावर हाउस के कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनके फोन नहीं उठाए गए। इतना ही नहीं, क्षेत्र के संबंधित एसडीओ एवं जेई को भी कई बार कॉल किए गए, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उदासीन कार्यशैली के कारण उपभोक्ताओं को समय पर न तो बिजली मिल रही है और न ही शिकायतों का समाधान हो पा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं, जबकि आम जनता भीषण गर्मी और बिजली संकट से जूझने को मजबूर है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *