लखनऊ। समाजसेवा एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली कैंट विधानसभा क्षेत्र की पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी एवं समाजसेविका अंजू शर्मा को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश महामंत्री मनोनीत किया गया है। यह नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेन्द्र नाथ त्रिपाठी द्वारा एक सादे एवं गरिमामय समारोह में की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि अंजू शर्मा लंबे समय से सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं। समाज के विभिन्न वर्गों के बीच उनकी मजबूत पहचान है तथा महिलाओं, जरूरतमंदों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर वह निरंतर कार्य करती रही हैं। उनके सामाजिक योगदान, नेतृत्व क्षमता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंजू शर्मा संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा महिला सशक्तिकरण और समाजहित के कार्यों को नई दिशा देंगी। नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री अंजू शर्मा ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करेंगी तथा महिलाओं के उत्थान और समाजहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगी।उल्लेखनीय है कि अंजू शर्मा कैंट विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। वह विभिन्न मोहल्लों और वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही हैं तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को सुन रही हैं। अब तक वह 60 से अधिक क्षेत्रों का दौरा कर चुकी हैं और उनका जनसंपर्क अभियान निरंतर जारी है। अंजू शर्मा की नियुक्ति पर सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
समाजसेवा से संगठन नेतृत्व तक: अंजू शर्मा को मिली प्रदेश महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
