फतेहगंज पश्चिमी _ शनिवार देर रात फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में धनेटा फाटक के पास एक दर्दनाक हादसे में एक 26 वर्षीय युवती की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घटना धनेटा रेलवे हाल्ट के पास खंभा संख्या 1332/8 और 1332/10 के बीच रामपुर बरेली रेलखंड पर हुई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे, और क्षत विक्षत शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर रेल यातायात सुचारू कराया। कुछ समय के लिए रेल संचालन प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य कर दी गई। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मृतका (धनेटा) गोविंदपुरा बल्लिया गांव की निवासी थी और चार बहन-भाइयों में दूसरे नंबर की थी। उसकी बड़ी और छोटी बहन की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों की आंखें नम हैं।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, तथा मामले की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे।
धनेटा रेलवे फाटक के पास ट्रेन से कटकर युवती की हुई दर्दनाक मौत,
