जोन–3 में पॉलीथीन व गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती, 34 चालानों से ₹35,900 वसूले

Spread the love

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के जोन–3 में शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जोनल सेनेटरी अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में की गई। अभियान के तहत केंद्रीय भवन से पुरनिया चौराहा, गौशाला रोड एवं जानकीपुरम थाना रोड तक मुख्य मार्गों पर पॉलीथीन रोकथाम तथा गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध 15 चालान किए गए, जिनसे ₹9,000 की धनराशि वसूली गई। वहीं, प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग करते पाए जाने पर 19 चालानों के माध्यम से ₹26,900 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 34 चालानों के जरिए ₹35,900 की राशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई।
प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रमोद कुमार गौतम, पुष्कर सिंह पटेल, सुमित मिश्रा, अंकाक्षा गोस्वामी सहित 296 प्रवर्तन दल के कार्मिक एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजरों की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि पॉलीथीन के उपयोग पर रोक और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी रोकने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। आमजन से भी अपील की गई है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *