प्रतापगढ़। मिली जानकारी के अनुसार एक शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस अधीक्षक, जनपद प्रतापगढ़ को यह अवगत कराया गया था कि विवेचक उपनिरीक्षक द्वारा मुकदमे से नाम निकलवाने के लिए धनराशि की मांग की जा रही है, जिसका ऑडियो/वीडियो साक्ष्य संज्ञान में आया। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपी गई। जांचोपरांत आरोप सिद्ध पाए जाने पर उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की गई तथा शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर थाना महेशगंज में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
शिकायतकर्ता रिंकू पुष्पाकर पुत्र स्व. गंगा पुष्पाकर निवासी ग्राम बदगवा, थाना महेशगंज, जनपद प्रतापगढ़ के विरुद्ध थाना महेशगंज में मु0अ0सं0 101/2025 धारा 191(2)/352/351(3)/324(2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत था । जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह द्वारा की जा रही थी । जिनके द्वारा शिकायतकर्ता से मुकदमें में नाम निकलवाने के लिए पैसे मांगने का आडियो/वीडियो संज्ञान में आया था। जिसकी जांच क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा की जा रही थी । जांचोपरान्त उ0नि0 जितेन्द्र सिंह को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही आसन्न की गई थी। जांचोपरांत शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर थाना महेशगंज में मु0अ0सं0 149/2025 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ डॉ0 अनिल कुमार द्वारा वांछित/अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय व क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती करिश्मा गुप्ता के नेतत्व में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह मय हमराह उ0नि0 अंशु सिंह, हे0का0 शिवेन्द्र सिंह, हे0का0 जयप्रकाश मिश्रा द्वारा देखभाल क्षेत्र, तलाश वांछित अभियुक्त के दौरान, मु0अ0सं0 149 / 2025 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 थाना महेशगंज जनपद प्रतापगढ़ से संबंधित अभियुक्त उ0नि0 जितेन्द्र सिंह पुत्र स्व0 देव सिंह निवासी ग्राम ग्राम त्योरी थाना नवाबगंज, फतेहगढ़, जनपद फर्रूखाबाद हाल तैनाती थाना महेशगंज, जनपद प्रतापगढ़ उम्र करीब 57 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक, प्रतापगढ़ की जनता से अपील है कि यदि किसी पुलिसकर्मी द्वारा आपसे अवैध रूप से धन की मांग की जाती है या दबाव बनाया जाता है, तो उसकी सूचना संबंधित उच्चाधिकारी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रतापगढ़ मानिकपुर से राकेश कुमार धुरिया की रिपोर्ट
धन मांगने के आरोप में उ0नि0 निलंबित, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर भेजा गया जेल”
