|| वाराणसी ||
विशेष महानिदेशक CRPF दीपक कुमार (IPS) द्वारा 95 बटालियन एवं काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी परिसर का सुरक्षा निरीक्षण, अधीनस्थ अधिकारी मेस का किया उद्घाटन
वाराणसी:
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के विशेष महानिदेशक दीपक कुमार (IPS) ने वाराणसी स्थित 95 बटालियन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान उन्होंने बटालियन की सुरक्षा तैयारियों, प्रशासनिक कार्यों और सामाजिक सरोकारों का जायजा लिया। अपने दौरे के अंतर्गत, विशेष महानिदेशक महोदय ने अति-संवेदनशील श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और ज्ञानवापी मस्जिद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा ग्रिड की बारीकियों को परखा तथा वहां तैनात 95 बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं अभेद्य बनाने के संबंध में उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जवानों को ड्यूटी के दौरान हमेशा उच्च स्तर की सतर्कता बरतने को कहा।निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान, (IPS), विशेष महानिदेशक ने 95 बटालियन परिसर में नवनिर्मित ‘अधीनस्थ अधिकारी मेस’ (ORS Mess) का विधिवत उद्घाटन भी किया। इस गरिमामयी समारोह में अनिल कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (IG), मध्य सेक्टर, लखनऊ (CRPF), संजय कुमार सिंह पुलिस उपमहानिरीक्षक रेंज चंदौली तथा 95 बटालियन के कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर सहित कई अन्य अधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए विशेष महानिदेशक महोदय ने बटालियन के जवानों और अधिकारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि 95 बटालियन न केवल अपनी मुख्य सुरक्षा ड्यूटी पूरी मुस्तैदी और बहादुरी के साथ निभा रही है, बल्कि सामाजिक उत्थान के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।उन्होंने बटालियन द्वारा समय-समय पर चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियानों, स्वच्छता अभियानों, योग शिविरों और अन्य अतिरिक्त सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ये कार्य बल की एक सकारात्मक और जन-हितैषी छवि को समाज के सामने प्रस्तुत करते हैं।
विशेष महानिदेशक के इस दौरे और उनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन से 95 बटालियन के अधिकारियों और जवानों के मनोबल में भारी वृद्धि हुई है।
