गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में खनन विभाग की टीम ने 4 नवंबर 2025 की रात्रि में प्रवर्तन अभियान चलाकर अवैध खनन और उपखनिज के अवैध परिवहन में लिप्त वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान कुल पांच वाहन अवैध रूप से उपखनिज परिवहन करते हुए पकड़े गए। इनमें थाना रामगढ़ताल क्षेत्र से एक मिट्टी लदा डंपर, तथा थाना बेलीपार क्षेत्र से एक गिट्टी लदा ट्रक और तीन ट्रक मोरम पकड़े गए। सभी वाहनों को नियमानुसार संबंधित थानों की सुपुर्दगी में दिया गया है।
खनन विभाग के अनुसार, पकड़े गए वाहनों से लगभग दो लाख रुपये का राजस्व वसूला जाएगा।
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी दीपक मीणा के सख्त निर्देश पर की गई है। अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन या खनिज परिवहन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा ताकि राजस्व की हानि रोकी जा सके और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सके।
