AHMUP के चुनाव संपन्न, अनुज ठाकुर अध्यक्ष और धनंजय प्रताप सचिव निर्वाचित

Spread the love

लखनऊ। एसोसिएशन ऑफ हॉस्पिटल मैनेजर्स, उत्तर प्रदेश (AHMUP) के चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हुए। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से जुड़े हॉस्पिटल मैनेजर्स ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया। मतगणना के उपरांत चुनाव समिति ने विभिन्न पदों के परिणाम घोषित किए।

अध्यक्ष पद पर श्री अनुज ठाकुर निर्वाचित हुए। उन्हें 59 मत प्राप्त हुए। पुरुष उपाध्यक्ष पद पर डॉ. प्रमोद सिंह ने 44 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की।

महिला उपाध्यक्ष पद पर डॉ. कोमल शुक्ला और डॉ. दरक्षा परवीन को 33-33 मत प्राप्त हुए। मतों की समानता के चलते इस पद पर अंतिम निर्णय कोर/सलाहकार समिति द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिया जाएगा।

सचिव पद पर धनंजय प्रताप ने 51 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। वहीं राज वर्मा को 18 तथा विक्रांत तिवारी को 3 मत प्राप्त हुए। कोषाध्यक्ष पद पर मोहित भारती निर्वाचित हुए, जिन्हें 43 मत प्राप्त हुए। इस पद के चुनाव में 5 मत NOTA के पक्ष में पड़े।

चुनाव समिति ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज ठाकुर ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे एसोसिएशन की एकजुटता की जीत है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और सदस्य मिलकर उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन को सुदृढ़ करने, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा हॉस्पिटल मैनेजर्स के हितों और अधिकारों के लिए कार्य करेंगे।

नवनिर्वाचित सचिव धनंजय प्रताप, चिकित्सालय प्रबंधक, लोक बन्धु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, लखनऊ ने कहा कि चिकित्सालय प्रबंधन के क्षेत्र में प्राप्त अनुभव का उपयोग AHMUP के विकास और संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए किया जाएगा। उन्होंने संगठन को अधिक सशक्त, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के साथ हॉस्पिटल मैनेजर्स की पेशेवर क्षमता, सम्मान, अधिकारों एवं हितों के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने प्रदेश के हॉस्पिटल मैनेजर्स के पेशेवर विकास, संगठन की मजबूती तथा उनके हितों से जुड़े विषयों पर सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *