“संवेदनशील जनप्रतिनिधि का मानवीय चेहरा: विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के सहयोग और आशीर्वाद से वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र तिवारी को मिला नया जीवन”
सरोजनीनगर लखनऊ । जीवन में कई बार ऐसे कठिन पल आते हैं, जब इंसान पूरी तरह टूटने लगता है। ऐसे समय में यदि कोई सहारा बनकर साथ खड़ा हो जाए, तो वही व्यक्ति उम्मीद और विश्वास का प्रतीक बन जाता है। सरोजनीनगर के वरिष्ठ पत्रकार, राजधानी प्रेस क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी के जीवन में भी ऐसा ही कठिन दौर 2 फरवरी को आया, जब उन्हें मायस्थीनिया ग्रेविस जैसी गंभीर और दुर्लभ बीमारी होने का पता चला। यह वही बीमारी है, जिससे महान अभिनेता अमिताभ बच्चन भी प्रभावित रह चुके हैं।
बीमारी की जानकारी मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल बन गया। अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। चिकित्सकों ने इसे जटिल बीमारी बताते हुए लंबे इलाज की आवश्यकता बताई। ऐसे समय में सरोजनीनगर विधायक ने जिस संवेदनशीलता और आत्मीयता का परिचय दिया, वह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि जैसे ही विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को उनकी बीमारी की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत चिकित्सकों से संपर्क कर इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई। विधायक जी ने न केवल डॉक्टरों से बात की, बल्कि लगातार उनका हालचाल लेकर मानसिक रूप से भी हौसला बढ़ाया। उनके प्रयासों से पीजीआई में इलाज सुचारू रूप से शुरू हुआ और आज भी निरंतर जारी है।
वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि बीमारी के दौरान एक समय ऐसा भी आया, जब पूरा परिवार बेहद परेशान और चिंतित था। लेकिन विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने हर कदम पर सहयोग देकर परिवार को संबल प्रदान किया। उन्होंने कहा कि विधायक जी का व्यवहार केवल एक जनप्रतिनिधि तक सीमित नहीं है, बल्कि वे क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने वाले संवेदनशील व्यक्तित्व हैं।
उन्होंने भावुक होकर कहा, “माननीय विधायक जी का सहयोग, आत्मीयता और आशीर्वाद मेरे लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। कठिन समय में उन्होंने जिस तरह मेरा साथ दिया, उससे मुझे नई ऊर्जा और जीने का विश्वास मिला। आज जो मेरा इलाज बेहतर ढंग से चल रहा है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, उसमें विधायक जी की प्रेरणा और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके कारण मुझे नया जीवन प्राप्त हो रहा है।”
धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि मायस्थीनिया ग्रेविस जैसी बीमारी से लड़ना आसान नहीं होता। यह बीमारी शरीर की मांसपेशियों को कमजोर कर देती है और मरीज को शारीरिक व मानसिक रूप से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में परिवार के साथ-साथ समाज और जनप्रतिनिधियों का सहयोग मरीज के लिए बहुत मायने रखता है।
उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का यह मानवीय और सेवा भाव वाला स्वरूप समाज के लिए प्रेरणादायक है। राजनीति के साथ-साथ वे सामाजिक सरोकारों को भी पूरी गंभीरता से निभाते हैं। यही कारण है कि क्षेत्र की जनता उन्हें केवल विधायक ही नहीं, बल्कि अपने परिवार का सदस्य मानती है।
वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र तिवारी ने विधायक जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सहयोग जीवनभर स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की।
क्षेत्र के लोगों का भी कहना है कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह हमेशा जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे रहते हैं। यही वजह है कि जनता के बीच उनकी छवि एक संवेदनशील, कर्मठ और जनसेवा के लिए समर्पित जनप्रतिनिधि के रूप में लगातार मजबूत होती जा रही है।
