बिजनौर, किरतपुर। प्रदेश में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सरकार लगातार सख्ती के निर्देश दे रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी होती दिखाई दे रही है। किरतपुर नगर के मोहल्ला अफगानान नई बस्ती में इन दिनों दिनदहाड़े अवैध मिट्टी खनन का कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें प्रशासन या कानून का कोई भय नहीं रह गया है।
बताया जा रहा है कि भारी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से खुलेआम मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल दिन के उजाले में चल रहा है, इसके बावजूद संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि राजस्व विभाग, खनन विभाग तथा पुलिस विभाग की मिलीभगत के बिना इतना बड़ा अवैध कारोबार संभव नहीं हो सकता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन माफिया बेखौफ होकर प्रशासनिक कार्यालयों और थाने में आते-जाते देखे जाते हैं। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि कुछ पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के साथ उनकी सांठगांठ होने के कारण उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। इसी कारण माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
मोहल्लेवासियों के अनुसार अवैध खनन के कारण क्षेत्र की सड़कों की हालत खराब हो रही है। दिनभर दौड़ने वाले ओवरलोड वाहन आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। धूल-मिट्टी से वातावरण प्रदूषित हो रहा है और आसपास रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सरकार एक ओर अवैध खनन रोकने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं। नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में चल रहे इस अवैध कारोबार पर रोक लग सके।
