तखवा चौराहा क्षेत्र में अवैध कूड़ा कलेक्शन पर बड़ी कार्रवाई

Spread the love

संवाददाता समर्थ कुमार सक्सेना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राजधानी लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने तखवा चौराहा क्षेत्र में अवैध कूड़ा कलेक्शन के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से कूड़ा एकत्र कर रही तीन ठेलियों को रंगे हाथों पकड़ा।

अवैध नेटवर्क का खुलासा

मौके पर की गई पूछताछ में यह गंभीर तथ्य सामने आया कि यह पूरा अवैध नेटवर्क अविनाश वर्मा, शंभू एवं अमित की शह पर संचालित किया जा रहा था। इनकी संरक्षण में लंबे समय से अवैध रूप से कूड़ा कलेक्शन कर उसे गैरकानूनी डंपिंग स्थलों पर गिराया जा रहा था।

ठेलियों को जब्त, एफआईआर के निर्देश

महापौर सुषमा खर्कवाल के स्पष्ट निर्देश पर नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों ठेलियों को जब्त कर लिया। साथ ही अविनाश वर्मा, शंभू, अमित तथा ठेला संचालक तीन व्यक्तियों जाकिर, जिलाउद्दीन और हबीजुद्दीन के विरुद्ध विभूति खंड थाना में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

महापौर का बयान

महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्पष्ट कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कूड़ा कलेक्शन, गैरकानूनी डंपिंग प्वाइंट और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति या अधिकारी के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *