लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे के बाद शहर से एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है, जिसने नवाबों के शहर की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल के उद्घाटन के लिए शहर को खास तौर पर सजाया गया था।लखनऊ विकास प्राधिकरण और नगर निगम ने ग्रीन कॉरिडोर समेत कई इलाकों में सुंदर हैंगिंग वॉल और फूल-पौधों से सजे गमले लगाए थे। लेकिन प्रधानमंत्री के रवाना होते ही कुछ लोगों ने सार्वजनिक संपत्ति को अपना समझ लिया और खुलेआम गमले चुराने लगे। यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल होकर चर्चा का विषय बन गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर लखनऊ को दुल्हन की तरह सजाया गया था। राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल, वसंत कुंज रोड और ग्रीन कॉरिडोर में हरियाली बढ़ाने के लिए सैकड़ों गमले लगाए गए थे। इन गमलों में रंग-बिरंगे फूल और पौधे लगाए गए, ताकि शहर सुंदर और स्वच्छ नजर आए। प्रशासन ने इसके लिए काफी समय और सरकारी धन खर्च किया था। उद्देश्य था कि देश-दुनिया के सामने लखनऊ की एक सकारात्मक और विकसित तस्वीर पेश की जा सके। कार्यक्रम खत्म होने और प्रधानमंत्री के रवाना होते ही सुरक्षा व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो गई। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने सार्वजनिक संपत्ति पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया। शाम होते-होते कई लोग गमले उठाकर ले जाते नजर आए। किसी ने उन्हें बाइक पर रखा तो कोई कार में भरकर ले गया। यह सब कुछ खुलेआम हुआ, मानो यह कोई सामान्य बात हो। इस हरकत ने प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैंलोगों में आक्रोश, प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस घटना के बाद आम लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन शहर को सुंदर बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करता है, लेकिन कुछ लोग अपनी संकीर्ण सोच के कारण सब पर पानी फेर देते हैं। साथ ही सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी चोरी के बावजूद मौके पर निगरानी क्यों नहीं थी। अब मांग की जा रही है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
नवाबों के शहर में ‘गमला चोरों’ की बारात, कार में भरकर ले उड़े लोग, वायरल वीडियो
