संवाददाता लखनऊ
मलिहाबाद, लखनऊ । उत्तर प्रदेश राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद इलाके में एक 17 वर्षीय लड़के की संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर कटकर मौत हो गई। मृतक के परिवार ने इसे ऑनर किलिंग का मामला बताते हुए एक किशोरी के परिवार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे इलाके में तनाव फैल गया है।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर, आक्रोशित परिजनों ने लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही परिजन शांत हुए।
क्या है मामला
मलिहाबाद के पाठकगंज महमूदनगर के निवासी रामगोपाल का बेटा विकास कुमार, माल इलाके की एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग में था। परिजनों के मुताबिक, रविवार को विकास उस किशोरी को कहीं ले गया था। इससे नाराज होकर लड़की के परिजन सोमवार सुबह विकास के घर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी थी।
शव मिलने के बाद भड़का गुस्सा
सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे, विकास का शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मुजासा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
मंगलवार को जब शव घर पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मांग की कि इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला मानते हुए लड़की के परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने महमूदनगर ढाल पर राजमार्ग जाम कर दिया।
पुलिस कार्रवाई
मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। मलिहाबाद के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
