लखनऊ,।
महिला कल्याण विभाग, लखनऊ द्वारा प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार “मिशन शक्ति (फेज-05)” के विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद लखनऊ के विभिन्न विकास खण्डों में जागरूकता चौपालों का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी लखनऊ के नेतृत्व एवं निर्देशन में तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के आदेशानुसार यह कार्यक्रम विकास खण्ड चिनहट के सभागार, विकास खण्ड सरोजनीनगर के ग्राम पंचायत खुशहालगंज, तथा विकास खण्ड बी.के.टी. के ग्राम पंचायत दुग्ग्वेर एवं धुबैला में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ एवं ग्रामीण अंचल की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
जागरूकता चौपाल के दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा एवं दहेज उन्मूलन से संबंधित जानकारियाँ दी गईं। साथ ही, महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं — मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन प्राप्त कर रही महिला की पुत्री विवाह योजना, आर्थिक एवं कानूनी सहायता योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा स्पॉन्सरशिप योजना — की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त उपस्थित महिलाओं को विभिन्न सहायता हेल्पलाइन नंबरों — 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन), 181 (वीमेन हेल्पलाइन), 102 (गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं हेतु एम्बुलेंस सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), तथा 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) — की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन वन स्टॉप सेंटर एवं HEW के कार्मिकों द्वारा किया गया।
