नवरात्रि में 101 कन्याओं का पूजन और भव्य कन्या भोज

Spread the love

वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद बिलासपुर ईकाई का आयोजन, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम

सुनील चिंचोलकर
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। नवरात्रि का पर्व मां दुर्गा की उपासना और उनके नौ स्वरूपों की साधना का प्रतीक है। इसी पावन अवसर पर वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद बिलासपुर ईकाई द्वारा सामुदायिक भवन, सरजू बगीचा, बिलासपुर में 101 कन्या भोज का आयोजन बड़े ही श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ किया गया।

इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रभा तिवारी एवं उपाध्यक्ष छाया पाण्डेय के नेतृत्व में 200 से अधिक कन्याओं को ‘मां’ का स्वरूप मानकर विशेष पूजन किया गया। कन्याओं के सिर पर चुनरी ओढ़ाई गई, पैरों में रंग व माथे पर सिंदूरी टीका लगाया गया। इसके बाद उन्हें खीर, पूड़ी, सब्जी, मिठाई और फल का भोग कराया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रत्येक कन्या को उपहार देकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

सामाजिक सेवा से जुड़ा विशेष अवसर

कन्या भोज के साथ ही कार्यक्रम में वीर योद्धा टाक्स फोर्स के अध्यक्ष राम सिंह ठाकुर का जन्मदिन भी मनाया गया। ठाकुर लंबे समय से छत्तीसगढ़ में गौसेवा, लव जिहाद और धर्मांतरण के विरोध जैसे सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अतिथियों ने उन्हें बधाई दी और उनकी सेवाओं को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

मुख्य अतिथियों की उपस्थिति से बढ़ा आयोजन का महत्व

कार्यक्रम का शुभारंभ मां जगदम्बे की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा, महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा, प्रदेश सलाहकार रज्जन अग्निहोत्री, वार्ड पार्षद अमित तिवारी, कान्यकुब्ज ब्राह्मण अध्यक्ष अरविन्द दीक्षित, डॉ. आरती पाण्डेय, फिल्म कलाकार सुनील मिश्रा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

इसके अलावा सुनीता शर्मा, शुभम तिवारी, संजय दीक्षित, टिंकू दुबे, अभिषेक शर्मा, अभिषेक तिवारी, अविनाश मिश्रा, करुणा तिवारी, पूर्णिमा दुबे, अनीता जी, रेखा दुबे, ऋचा दुबे, ओ.पी. मिश्रा, विनोद व्यास, किरण सिंह, मीनू दुबे, अर्चना शुक्ला, अर्चना तिवारी, रोशनी शुक्ला, राज शर्मा, सौरभ दुबे, सांझ तिवारी, शाश्वत तिवारी, विभा मिश्रा, मुकेश तिवारी, लक्ष्मीनारायण पांडेय, दीप, ज्योति शर्मा और कई अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाया।

कन्या रूप की आध्यात्मिक महत्ता पर चर्चा

सभी वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में नवरात्रि में देवी के कन्या रूप की आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं बल्कि समाज में नारी सम्मान और उनकी गरिमा को बनाए रखने का भी प्रतीक है। कन्याओं के चरणों में भगवान का वास मानकर उन्हें भोजन कराना सबसे पुण्यकारी कार्यों में गिना जाता है।

सफल संचालन और आभार प्रदर्शन

पूरे आयोजन का संचालन प्रभा तिवारी ने उत्साहपूर्ण ढंग से किया। अंत में आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष छाया पाण्डेय ने करते हुए सभी उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने का एक सफल प्रयास भी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *