प्रतापगढ़। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज रविवार को थाना अंतू में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकगण, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे, थानाध्यक्ष आनंदपाल सिंह ने उपस्थित जनों को उच्चाधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए त्यौहारों के दौरान विशेष सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
दुर्गा पूजा पंडाल किसी भी दशा में हाई वोल्टेज तारों के नीचे न स्थापित किए जाएं, प्रत्येक पंडाल में CCTV कैमरे, अग्निशमन यंत्र, बालू व पानी की व्यवस्था अनिवार्य होगी।
नंगे तारों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा और बिजली के तारों के समीप ज्वलनशील पदार्थ न रखे जाएं, ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित सीमा के भीतर ही रखी जाए, प्रतिमा विसर्जन एवं जुलूस के लिए केवल निर्धारित मार्ग का ही प्रयोग किया जाए।
थानाध्यक्ष ने सभी नागरिकों से अपील की है, कि आने वाले सभी त्योहारों को भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए।
थानाध्यक्ष आनंदपाल सिंह ने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस मुस्तैद रहेगी और नियमों का उल्लंघन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रतापगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश कुमार धुरिया की रिपोर्ट
