“
“सोलर रूफटॉप लगवायें आकर्षक अनुदान एवं बिजली बिल में राहत पायें- परियोजना अधिकारी यूपी नेडा”
(राकेश कुमार धुरिया की ख़बर प्रतापगढ़)
प्रतापगढ़। परियोजना अधिकारी यूपी नेडा मो0 शाहिद सिद्दीकी ने बताया है कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य देश के प्रत्येक घर को रोशन करने के साथ-साथ लोगों के कंधों से आर्थिक बोझ कम करना भी हैं। उन्होंने जनसामान्य से कहा है कि सोलर रूफटॉप लगाकर आकर्षक अनुदान एवं बिजली बिल में राहत पा सकते हैं। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरूआत माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 15 फरवरी 2024 को की थी। इस योजना के तहत लाभार्थियों को अपनी छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिये सब्सिडी दी जा रही है। इस योजना का लाभ कोई भी घरेलू विद्युत उपभोक्ता प्राप्त कर सकता है। पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेने के लिये वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन करना होगा। जिस पर बिजली का बिल व आधार कार्ड सबमिट करना होगा। इसके साथ ही वेंडर का चयन करना भी अनिवार्य है। जितने किलोवाट का घरेलू कनेक्शन ले रखा है उतने ही किलोवाट का सोलर संयंत्र आवेदन कर सकता है। प्रति किलोवाट संयंत्र में 60 हजार रूपये का खर्च आयेगा, 02 किलोवाट सोलर पैनल कनेक्शन लेने के लिये 120000 रूपये खर्च होगें। जिस पर सरकार द्वारा 90 हजार का सब्सिडी दी जायेगी। सरकार द्वारा 03 किलोवाट संयंत्र के कनेक्शन पर 108000 की सब्सिडी दी जायेगी। इस योजना के अन्तर्गत जनपद प्रतापगढ़ को 2027 तक 20000 का लक्ष्य आवंटित है। जनपद में जुलाई से अब तक 29345 व्यक्तियों द्वारा पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। जिसमें से 116 संयंत्र स्थापित हो चुके है। पीएम सूर्य घर योजना का लाभ लेने के लिये आनलाइन आवेदन pmsuryaghar.gov.in वेबसाइट पर करना होगा।
परियोजना अधिकारी यूपी नेडा ने यह भी बताया है कि जिलाधिकारी द्वारा जनपद के सभी विभागों को (समस्त उपजिलाधिकारी को 250 प्रति तहसील, विकास खण्ड को प्रति विकास खण्ड 200, नगर पालिका परिषद बेल्हा को 2200, प्रति नगर पंचायत 250, पंचायती राज विभाग को 1000, बेसिक शिक्षा विभाग 750, जिला विद्यालय निरीक्षक 750, मुख्य चिकित्साधिकारी 1000, परियोजना अधिकारी डूडा को 250, लोक निर्माण विभाग 250, जिला कृषि अधिकारी 250, समाज कल्याण अधिकारी 200, लघु सिंचाई 200, पिछड़ा वर्ग 200, ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग 200, जिला कार्यक्रम अधिकारी 250, सहकारिता विभाग 150, अग्रली जिला प्रबन्धक 500, पशुपालन विभाग 250, जल निगम शहरी 150, सिंचाई विभाग 150, उद्यान विभाग 150) का लक्ष्य आवंटित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिनांक 26 दिसम्बर 2024 को समीक्षा बैठक में लक्ष्य के सापेक्ष समस्त विभागों को प्रगति के निर्देश दिये गये है। ऑनग्रिड सोलर प्लान्ट के साथ-साथ हाईब्रिड सोलर प्लाण्ट पर भी सरकार द्वारा सब्सिडी के निर्देश जारी कर दिये गये हैं। सभी बैंकों द्वारा उपभोक्ताओं को संयंत्र स्थापना हेतु 07 प्रतिशत ब्याज पर लोन वितरित किया जा रहा है। जानकारी जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित की गई है।
प्रतापगढ़ मानिकपुर से राकेश कुमार धुरिया की रिपोर्ट
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उठायें लाभ, करें आनलाइन आवेदन”
