*9 अक्टूबर को धनुष भंग लक्ष्मण परशुराम संवाद लीला से महोत्सव का आगाज
*3 नवंबर को स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन
*श्री रामलीला महोत्सव समिति प्रबंधक राजीव गुप्ता व व्यवस्थापक अजेंद्र गौर ने दी जानकारी
जसवंतनगर।विश्व की सुप्रसिद्ध प्रथम मैदानी रामलीला का यहाँ की श्री रामलीला समिति द्वारा लीला कार्यक्रमों की घोषणा कर दी गई है।यह ऐतिहासिक रामलीला 9 अक्टूबर से शुरू होकर 3 नवंबर तक चलेगी।श्री रामलीला समिति के प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू और व्यवस्थापक ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर ने समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति के बीच प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रामलीला महोत्सव की लीला कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए घोषणा की।9 अक्टूबर शुक्रवार रात्रि 8 बजे धनुष भंग, लक्ष्मण परशुराम संवाद का रामलीला मैदान में मंचीय लीला से श्री रामलीला महोत्सव का आगाज होगा। 10 अक्टूबर, शनिवार सायं 7 बजे से भव्य रामबारात रामलीला मैदान से नगर भ्रमण करती हुई बिलैया मठ पर समापन होगा।12 अक्टूबर, सोमवार राम वनवास,13 अक्टूबर भरत मनौआ,भरत मिलाप14 अक्टूबर जयंत आँख फूटना विराध वध,15 अक्टूबर शूर्पणखा नाक-कान काटना,खर-दूषण वध, रावण मारीच वार्ता,16 अक्टूबर मारीच वध-सीता हरण, कंवध वध- सुग्रीव मिलाई,17 अक्टूबर वालि वध रावण हनुमान संवाद लंका दहन, अक्षय कुमार वध,18 अक्टूबर सेतु बंधन,लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण जगाना,19 अक्टूबर दुर्मुख कुंभकरण मेघनाथ वध,20 अक्टूबर अतिकाय नारायंतक वध,रावण युद्ध,21 अक्टूबर को अहिरावण वध, रावण वध की लीलाएं होगी।इस दौरान रास्ता लड़ाई का विशेष मंचन नरसिंह जी मंदिर से रामलीला मैदान तक होगा।22-23 अक्टूबर को भरत मिलाप, नगर भ्रमण व ढोला पार्टी,24 अक्टूबर शनिवार रात्रि 8 बजे राजगद्दी व जादू शो की लीला कटरा पुख्ता चौक पर होगी।पंच दिवसीय रासलीला 25 से 29 अक्टूबर सायं 8 बजे से रामलीला मैदान में होगी जिसमें श्री कृष्ण जन्म लीला,माखन चोरी लीला, कंस वध और 29 को फूलों की होली लीला का मनमोहक प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।विशेष रंगारंग कार्यक्रम में 30 अक्टूबर राजस्थानी लोक नृत्य व गरबा व 31 अक्टूबर शनिवार रात्रि 8 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन जिसमें देश के नामचीन कवि शामिल होंगे। रामलीला में पहली बार स्टार नाइट कार्यक्रम रखा गया है जिसके तहत 1 नवंबर रविवार सायं 7 बजे) भोजपुरी स्टार शुभी शर्मा गायकी के साथ स्टेज परफॉर्मेंस प्रस्तुत करेंगी।2 व 3 नवंबर शाम सात बजे स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रामलीला महोत्सव का समापन होगा।समिति ने सभी नगर व क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
फोटो: जानकारी देते प्रबंधक राजीव गुप्ता व ठा.अजेंद्र गौर
