बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत स्कूली बच्चों ने निकाली रैली, बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

Spread the love

लखनऊ। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को वन स्टॉप सेंटर की टीम द्वारा सरोजनीनगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरसंड में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस दौरान ‘बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान’ के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर समाज को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

वन स्टॉप सेंटर की ओर से सोनल श्रीवास्तव, मनोसामाजिक परामर्शदाता एवं मिताली अवस्थी, सुगमकर्ता ने बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसकी रोकथाम तथा बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली एवं जरूरतमंद महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सुरक्षा चक्र के तहत विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वुमेन पावर लाइन 1090, पुलिस सहायता 112, एम्बुलेंस 108, स्वास्थ्य सेवा 102 एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रमुख रहे।

इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *