सीवर निर्माण की खुली पोल: टूटे चेंबर और जर्जर सड़कें, शिकायत पर ठेकेदार अनुराग द्विवेदी की कथित धमकी से भड़के लोग

Spread the love

क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज के पास बना हादसे का खतरा, रोजाना हजारों स्कूली बच्चों का आवागमन, शांति नगर विकास समिति ने उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की उठाई मांग

(शकील अहमद)
लखनऊ। राजधानी के शांति नगर क्षेत्र में जलकल विभाग की ओर से कराए जा रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खुलने लगी है। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सीवर चेंबरों के ढक्कन टूटने लगे हैं और सड़कें जर्जर हालत में पहुंच गई हैं। घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और मानकों की अनदेखी के आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। वहीं, शिकायत करने पर ठेकेदार की ओर से कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला भी सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक वर्ष 2026 में सीवर लाइन निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। उस समय ठेकेदार अनुराग द्विवेदी ने आश्वासन दिया था कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़कों को पहले की तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा, लेकिन कई स्थानों पर सड़कें आज भी टूटी और अधूरी पड़ी हैं। शांति नगर स्थित क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज के पास पहले से बनी अच्छी सड़क को भी निर्माण के दौरान तोड़ दिया गया, लेकिन उसकी समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। सबसे चिंताजनक स्थिति क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज के आसपास टूटे सीवर चेंबरों की है। यहां से प्रतिदिन हजारों की तादाद में छोटे-छोटे स्कूली बच्चे, अभिभावक और स्थानीय नागरिक गुजरते हैं। टूटे चेंबर और क्षतिग्रस्त सड़कें कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। बच्चों के आवागमन के दौरान किसी के चेंबर में गिरने या चोटिल होने की आशंका से अभिभावक बेहद चिंतित हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि तत्काल सुरक्षा और मरम्मत की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज के प्रबंधक योगेंद्र सचान, शांति नगर विकास समिति के अध्यक्ष उदयवीर सिंह और क्षेत्रीय निवासियों ने निर्माण कार्य पर सवाल उठाते हुए कड़ा विरोध जताया है। आरोप है कि जब ठेकेदार अनुराग द्विवेदी से टूटे चेंबरों और खराब निर्माण की शिकायत की गई तो उन्होंने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि जिसे जो करना है कर ले, काम नहीं करेंगे। क्षेत्रवासियों ने जलकल विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल स्थलीय निरीक्षण, निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच, टूटे चेंबरों की मरम्मत और सड़कों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। अब सवाल यह है कि सरकारी धन से हुए निर्माण की गुणवत्ता की जिम्मेदारी कौन तय करेगा और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई कब होगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *