रिंकू के 30 रन, जीशान के तीन विकेट, मेरठ ने कानपुर को 19 रन से दी शिकस्त

Spread the love


यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

लखनऊ। बल्लेबाजों के तूफानी प्रदर्शन के बाद मैन ऑफ द मैच लेग स्पिनर जीशान अंसारी (3/12) की सधी गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने बारिश से प्रभावित यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मैच में कानपुर सुपरस्टार्स को 19 रन से शिकस्त दी।

मेरठ ने इसी के साथ लीग में अजेय रहते हुए सातवीं जीत दर्ज की और टेबल टॉपर बनी रही। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहा मंगलवार को दिन का पहला मैच बारिश के चलते समय से शुरू नहीं हो सका और मैदान का निरीक्षण करने के बाद पांच-पांच ओवर का मैच कराने का फैसला किया जिसकी शुरुआत शाम 6 बजे हुई।

मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 96 रन का स्कोर बनाया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स की टीम निर्धारित ओवर में तीन विकेट पर 77 रन ही बना सकी।

मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के वन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस अवसर पर मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने प्रदेश में क्रिकेट के माहौल को नई ऊर्जा दी है। लीग के माध्यम से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और उच्च स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलती है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को मजबूत मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य साजिद उमर व सहारनपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव यश पाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

औपचारिक शुरुआत के बाद कानपुर सुपरस्टार्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। हालांकि पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ मावेरिक्स ने 29 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा ने पांच गेंदों पर एक चौके व एक छक्के से 11 रन बनाए। उन्हें अजय कुमार ने दूसरे ओवर में क्लीन बोल्ड करते हुए पवेलियन वापस भेजा।

इसी ओवर में रितुराज शर्मा (16 रन, 4 गेंद, एक चौका, दो छक्के) अजय कुमार की गेंद पर शॉट खेलने के चक्कर में सत्यम सांगू को कैच थमा बैठै।

इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 10 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 30 रन ठोक डाले। रिंकू चौथे ओवर में कानपुर के कर्ण शर्मा की गेंद पर विनीत पंवार को कैच थमा बैठै।

अंतिम ओवरों में दिव्यांश जोशी ने सात गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए जबकि दिव्यांश राजपूत ने नाबाद 14 रन की पारी खेली जिसकी बदौलत मेरठ ने निर्धारित पांच ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 96 रन का स्कोर बनाया। कानपुर की ओर से अजय कुमार ने 2 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए।

जवाब में 97 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपर स्टार्स की टीम को सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह (28 रन, 8 गेंद, 2 चौके, 3 छक्के) और समीर रिजवी (22 रन, 13 गेंद, 1 चौके, 2 छक्के) ने तेज शुरुआत दिलाई।

हालांकि चौथे ओवर तक टीम मजबूत स्थिति में दिख रही थी, लेकिन जीशान अंसारी की धारदार गेंदबाजी ने पूरा मैच पलट दिया।
जीशान ने अपने 2 ओवरों के स्पेल में केवल 12 रन खर्च कर कानपुर के तीन प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और उनकी रन गति पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया। जीशान ने समीर रिजवी (22), आदर्श सिंह (28) और सत्यम सांगू (0) को आउट किया।

कानपुर की टीम निर्धारित 5 ओवरों में 3 विकेट खोकर 77 रन ही बना सकी और मेरठ मावेरिक्स ने 19 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मेरठ मावेरिक्स के जीशान अंसारी को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *