काशी रुद्रास ने लखनऊ फाल्कन्स को दी 127 रन बनाने की चुनौती

Spread the love


यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

लखनऊ, 25 अगस्त 2026। भुवनेश्वर कुमार और अभिनंदन सिंह (3-3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के मैच में काशी रुद्रास की पूरी टीम को 19.1 ओवर में 126 रन पर समेट दिया।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

आज मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम व रोजगार विभाग के मंत्री अनिल राजभर व संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास विभाग के राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
इस अवसर पर मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने प्रदेश में क्रिकेट को नई पहचान देने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच दिया है। लीग से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यूपी टी-20 लीग जैसे आयोजनों से इन प्रतिभाओं को बड़े मंच पर प्रदर्शन करने और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाओं को लगातार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का मंच उपलब्ध कराना है। खिलाड़ियों और दर्शकों की बढ़ती भागीदारी लीग की सफलता को दर्शाती है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत बेहद खराब रही। तीसरे ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने सलामी बल्लेबाज साहब युवराज सिंह (14) को विकेटकीपर कार्तिकेय के हाथों कैच कराकर पहला झटका दिया। उन्होंने इसी ओवर में काशी रुद्रास के कप्तान करन शर्मा (0) को भी विकेटकीपर कार्तिकेय के हाथों कैच आउट करा दिया।

उन्होंने पांचवें ओवर में सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी (9) को नवनीत के हाथों कैच आउट कराया। इसी के चलते काशी ने महज 28 रन के स्कोर पर अपने 3 शीर्ष बल्लेबाज गंवा दिए थे।

शुरुआती झटकों के बाद उवैस अहमद (15) और उपेन्द्र यादव (20) ने पारी को संभालने का प्रयास किया। उवैश को नवनीत कुमार ने आउट कर ये साझेदारी तोड़ी। वहीं उपेन्द्र को अक्षू बाजवा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद शुभम चौबे ने एक छोर संभाले रखा और 32 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से सर्वाधिक 46 रनों की जुझारू पारी खेली।

हालांकि 19वें अभिनंदन सिंह ने शुभम चौबे को विकेटकीपर कार्तिकेय के हाथों कैच कराकर काशी को बड़ा झटका दिया। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने निचले क्रम के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया और कार्तिक यादव (14) तथा विजय यादव (1) को पवेलियन भेजा।

नवनीत कुमार ने 20वें ओवर में अटल बिहारी राज (1) को भुवनेश्वर के हाथों कैच कराकर काशी रुद्रास की पारी का अंत किया।
लखनऊ फाल्कन्स की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने बेहतरीन स्पेल डालते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए। अभिनंदन सिंह ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *